केदारनाथ हेली सेवा के लिए सात सितंबर से खुलेगी विंडो

WhatsApp Channel Join Now
केदारनाथ हेली सेवा के लिए सात सितंबर से खुलेगी विंडो


देहरादून, 02 सितंबर (हि. स.)। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेली सेवा 15 सितंबर से फिर शुरू होगी।उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं और पहली टिकट बुकिंग विंडो सात सितंबर से खोलने की तैयारी है।

यूसीएडीए के अनुसार, टिकटों की कालाबाजारी रोकने और बुकिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए दूसरे चरण में टिकट 15-15 दिन की अवधि के लिए चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएंगे। प्राधिकरण ने हेली ऑपरेटरों के साथ आवश्यक बैठकें की हैं। साथ ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और मौसम विभाग के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।

यूसीएडीए ने कहा कि हेली सेवा का संचालन मौसम की स्थिति, सुरक्षा मानकों और डीजीसीए की अनुमति के अनुरूप ही किया जाएगा। प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं से केवल अधिकृत माध्यम से टिकट बुक करने की अपील की है। केदारनाथ शटल सेवा के लिए heliyatra.irctc.co.in और बद्रीनाथ शटल सेवा के लिए helitaxii.com का इस्तेमाल करने तथा अनधिकृत एजेंटों और बिचौलियों से टिकट नहीं खरीदने को कहा गया है।

चारधाम यात्रा के पहले चरण में गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी स्थित हेलीपैड से आठ हेली ऑपरेटरों के माध्यम से केदारनाथ के लिए सेवाएं संचालित की गई थीं। इस दौरान करीब 67 हजार श्रद्धालुओं ने हेली सेवा का लाभ उठाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story