हरिद्वारः भोले के भक्तों का महाकुंभ, सीसीटीवी से कंट्रोल रूम की निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वारः भोले के भक्तों का महाकुंभ, सीसीटीवी से कंट्रोल रूम की निगरानी


हरिद्वार, 08 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास का कांवड़ मेला चरम पर है। धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देशभर से लाखों शिवभक्त गंगाजल लेने यहां पहुंच रहे हैं। पंत दीप और चमगादड़ टापू पार्किंग खचाखच भरी हैं। सड़कों से लेकर घाटों तक ‘हर-हर महादेव’ गूंज रहा है।

पार्किंग में पैर रखने की जगह नहीं

पंत दीप और चमगादड़ टापू पार्किंग में दूरदराज से आए कांवड़ियों के वाहन लगातार पहुंच रहे हैं। पार्किंग फुल होने के बावजूद वाहन आ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें व्यवस्था संभालने में जुटी हैं। पार्किंग से कांवड़ मार्ग तक बैरिकेडिंग की गई है। पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर से कांवड़ियों को निर्धारित रूट से जाने की अपील कर रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।

घाटों पर आस्था की डुबकी

हरकी पैड़ी, विष्णु घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ है। गंगा में डुबकी लगाने के बाद भक्त पवित्र जल कांवड़ में भरकर अपने राज्य की ओर रवाना हो रहे हैं। कोई पैदल जा रहा है तो कोई वाहन से। मार्गों पर जगह-जगह भंडारे और सेवा शिविर लगे हैं। ‘बम-बम भोले’, ‘बोल बम’ के नारों से पूरा माहौल भक्तिमय है।

कंट्रोल रूम से पल-पल निगरानी

भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस हाई अलर्ट पर है। एसएसपी हरिद्वार खुद कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग कर रहे हैं। 200 से ज्यादा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से मेला क्षेत्र, पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर नजर रखी जा रही है। कहीं भीड़ बढ़ने या जाम की सूचना मिलते ही तुरंत टीम भेजी जा रही है। ट्रैफिक को डायवर्ट करने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तैयार रखे गए हैं।

भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती

रोजाना लाखों नए कांवड़ियों के आने से भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती बना है। प्रमुख चौराहों, घाटों और पार्किंग के पास अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। महिला पुलिस, पीएसी और पैरा मिलिट्री भी ड्यूटी पर हैं। अधिकारियों को निर्देश है कि वे लगातार क्षेत्र में गश्त करें। किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं की आवाजाही न रुके इसका ध्यान रखा जा रहा है।

सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस का कहना है कि हर कांवड़िए की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी कर रहे हैं। खोए हुए लोगों को मिलाने, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और बुजुर्गों की मदद की जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु अफवाहों पर ध्यान न दें, निर्धारित मार्ग का प्रयोग करें और किसी समस्या पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

आस्था और व्यवस्था साथ-साथ

एक ओर घाटों पर आस्था का सैलाब है तो दूसरी ओर पुलिस की मुस्तैदी से व्यवस्था भी दुरुस्त है। पंत दीप और चमगादड़ टापू की भरी पार्किंग बता रही हैं कि इस बार कांवड़ में रिकॉर्ड भीड़ है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। हर तरफ गूंजता ‘हर-हर महादेव’ हरिद्वार को पूरी तरह शिवमय बना रहा है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story