कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला दल लिपुलेख दर्रा पार, दूसरा दल गूंजी पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला दल लिपुलेख दर्रा पार, दूसरा दल गूंजी पहुंचा


कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला दल लिपुलेख दर्रा पार, दूसरा दल गूंजी पहुंचा


पिथौरागढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के तहत पहला जत्था शुक्रवार को सफलतापूर्वक लिपुलेख दर्रा पार कर गया, जबकि दूसरा दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सकुशल गूंजी पहुंच गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार पहला दल शुक्रवार सुबह सात बजे नाभीढांग से लिपुलेख दर्रे के लिए रवाना हुआ और सुबह नौ बजे सफलतापूर्वक दर्रा पार कर लिया। इस दल में 48 यात्री, एक चिकित्सा कर्मी और तीन किचन स्टाफ सहित कुल 52 लोग शामिल हैं।

उधर, यात्रा का दूसरा दल शुक्रवार अपराह्न चार बजे सुरक्षित रूप से गूंजी पहुंच गया। यहां यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई हैं।

उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां यात्रा के सुरक्षित संचालन के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।

कैलाश मानसरोवर यात्रा भारत की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और आध्यात्मिक यात्राओं में शामिल है। उत्तराखंड के लिपुलेख मार्ग से संचालित इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु चरणबद्ध तरीके से नाभीढांग, लिपुलेख और आगे तिब्बत स्थित कैलाश पर्वत एवं मानसरोवर के लिए प्रस्थान करते हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story