देव दीपावली पर हरिद्वार पहुंची जूना अखाड़े के रमता पंच परमेश्वर की जमात, कुंभ की तैयारियों का आगाज

WhatsApp Channel Join Now
देव दीपावली पर हरिद्वार पहुंची जूना अखाड़े के रमता पंच परमेश्वर की जमात, कुंभ की तैयारियों का आगाज


हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। देव दीपावली और गुरु नानक जयंती के अवसर पर मंगलवार को श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंच परमेश्वर की जमात ने हरिद्वार में प्रवेश किया। शाम करीब छह बजे चंडी चौक पहुंची संतों की जमात का प्रशासन और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। इस दौरान हर-हर महादेव और भगवान श्री दत्तात्रेय के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जमात का आगमन कुंभ महापर्व 2027 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के निर्देशन और उप आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कपिल पुरी महाराज की अध्यक्षता में पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ नगर प्रवेश संपन्न हुआ।

इष्ट देवताओं और भगवान श्री दत्तात्रेय की पालकी के साथ निकली शोभायात्रा चंडी चौक से शुरू होकर वाल्मीकि चौक और बिल्वकेश्वर रोड होते हुए पांडेवाला, ज्वालापुर पहुंची। यात्रा में त्रिशूल, डमरू और भगवा पताकाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संतों का स्वागत किया और आरती उतारी।

चंडी चौक पर कुंभ मेला अधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने साधु-संतों एवं पंचों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।

नगर प्रवेश में अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि, महासचिव श्रीमहंत शैलेंद्र गिरि, उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, श्रीमहंत कंचन गिरि और श्रीमहंत महाकाल गिरि सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा शामिल हुए।

श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा कि देव दीपावली पर रमता पंच परमेश्वर का हरिद्वार आगमन मंगलकारी है। यह केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन नहीं, बल्कि कुंभ महापर्व 2027 की आध्यात्मिक शुरुआत भी है।

उन्होंने बताया कि रमता पंच परमेश्वर की जमात 14 जनवरी 2027 तक पांडेवाला, ज्वालापुर में प्रवास करेगी। इस अवधि में प्रतिदिन पूजन, आरती और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम होंगे। मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी को जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई निकाली जाएगी, जो मायादेवी मंदिर स्थित अखाड़ा परिसर पहुंचेगी। इसके साथ ही अखाड़े की ओर से कुंभ 2027 से जुड़े धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story