जूना अखाड़ा ने स्वामी चक्रपाणि महाराज को जगदगुरू से किया विभूषित

WhatsApp Channel Join Now
जूना अखाड़ा ने स्वामी चक्रपाणि महाराज को जगदगुरू से किया विभूषित


हरिद्वार, 26 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय हिंदू महासभा व अखिल भारतीय संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज को गुरुवार काे जूना अखाड़ा ने जगदगुरू की उपाधि से विभूषित किया। स्वामी चक्रपाणि महाराज जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज से विधिवत दीक्षा लेकर अब स्वामी चक्रपाणि नंद गिरि महाराज बन गए है।

महंत हरी गिरी के अनुसार जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज के निर्देश पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत रविंद्र पुरी के सानिध्य में हुए समारोह में स्वामी चक्रपाणि का विधिवत जगदगुरू के पद पर अभिषेक किया गया। पंचम गुरू की परम्परा में महंत हरि गिरि महाराज ने चोटी गुरू, जूना अखाड़े के अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि महाराज ने भगवा गुरू, दूधेश्वर नाथ मठ के पीठाधीश्वर एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष महंत नारायण गिरि महाराज ने रूद्राक्ष गुरू, जूना अखाड़े के उमाशंकर भारती महाराज ने विभूति गुरू व जूना अखाड़ा के उपाचार्य कपिल मुनि महाराज ने लंगोटी गुरू के रूप में उनका अभिषेक किया। हरकी पैडी ब्रह्मकुड पर गंगा पूजन, भैरो मंदिर में पूजा के बाद हरिद्वार की अधिष्ठात्री मायादेवी मंदिर में स्वामी चक्रपाणि नंद गिरि महाराज का जगदगुरू पद पर अभिषेक किया गया।

इस माैके पर जूना अखाड़ा के महामंत्री महंत महेश पुरी महाराज, महंत शैलेंद्र पुरी महाराज, सचिव दिल्ली संत महामंडल के संगठन मंत्री महामूडलेश्वर कंचन गिरि महाराज, सचिव महंत आनंदेश्वरानंद गिरि महाराज, महंत गिरिशानंद गिरि महाराज समेत जूना अखाड़ा के सभी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story