केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0' का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0' का किया शुभारंभ


केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0' का किया शुभारंभ


हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ किया। नव्या महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य किशोरियों और युवा महिलाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के अवसरों का विस्तार करना है, ताकि वे उभरते हुए करियर विकल्पों को अपना सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

नव्या 2.0 के तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें आकांक्षी एवं दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पात्रता आयु सीमा 16-18 वर्ष से बढ़ाकर 16-25 वर्ष कर दी गई है। इसके तहत उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप, उभरते हुए तथा गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षित युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के जिला स्तर पर क्रियान्वयन के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। स्किल इंडिया डिजिटल हब के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन से लेकर प्रमाणन तक सहयोग देकर उनके प्रशिक्षण की प्रगति पर भी नजर रखी जाएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल विकास की लाभार्थी ही नहीं, बल्कि उसकी नेतृत्वकर्ता भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है और नव्या 2.0 इस प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण बैचों में नामांकन सुनिश्चित करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक बालिका और उसके परिवार के साथ नामांकन से लेकर आजीविका तक निरंतर जुड़ाव बनाए रखना है। राज्य नोडल अधिकारी इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन का नेतृत्व करेंगे और एसआईडीएच पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।

जयंत चौधरी ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की सफलता का आकलन प्रशिक्षण के बाद सृजित होने वाले अवसरों से किया जाता है। नव्या 2.0 वंचित और पिछड़े जिलों की युवतियों को नए करियर विकल्प तलाशने, अप्रेंटिसशिप के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपने उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। भारत के कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए आवश्यक है।

पायलट चरण में किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया था। विस्तारित पहल का उद्देश्य युवा महिलाओं को उभरते क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना तथा उन्हें रोजगार से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों तथा पीएम-जनमन के अंतर्गत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, पीएमकेवीवाई 4.0 के तहत प्रशिक्षित 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785057 Articles

Share this story