आईआईटी रुड़की ने मनाया स्थापना दिवस, आईआईटी के रूप में पूरे किए 25 वर्ष

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी रुड़की ने मनाया स्थापना दिवस, आईआईटी के रूप में पूरे किए 25 वर्ष


आईआईटी रुड़की ने मनाया स्थापना दिवस, आईआईटी के रूप में पूरे किए 25 वर्ष


रुड़की, 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने बुधवार को अपना स्थापना दिवस मनाया। संस्थान ने आईआईटी के रूप में 25 वर्ष पूरे किए और वर्ष 1847 से चली आ रही अपनी संस्थागत विरासत के 180वें वर्ष में प्रवेश किया। थॉमसन कॉलेज ऑफ सिविल इंजीनियरिंग के रूप में स्थापित यह संस्थान 2001 में आईआईटी रुड़की बना। इसने देश के शैक्षणिक, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान की पूर्व छात्रा और कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएसएम) धनबाद के शासी मंडल के अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत तथा टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक और भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष आर. मुकुंदन उपस्थित रहे।

स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत 24 नवंबर को प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों और उद्यमियों के साथ आयोजित विभिन्न संवाद सत्रों से हुई। इनमें बड़ी सोच, डीप टेक्नोलॉजी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे विषयों पर चर्चा की गई। सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए नेतृत्व, नवाचार और उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। बुधवार को मुख्य समारोह, 5 किलोमीटर की विरासत दौड़, 1999 बैच के सहयोग से विकसित परियोजनाओं का उद्घाटन, प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी और पूर्व छात्र पुरस्कार समारोह आयोजित हुआ।

कर्नाटक राज्यपाल डॉ. सुधा यादव ने कहा कि अपनी मातृ संस्था आईआईटी रुड़की में लौटना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। यह संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के रूप में अपने 25 वर्ष पूरे किए हैं और अपनी संस्थागत विरासत के 180वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। वर्ष 1847 में स्थापित इस संस्थान ने भारत के अभियंत्रण, वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जल संसाधन, भूकंप अभियंत्रण, आपदा न्यूनीकरण, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में कार्य सामाजिक चुनौतियों के समाधान के प्रति इसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और अनुसंधान को समाज की आवश्यकताओं से जोड़ें, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ नवाचार को आगे बढ़ाएं तथा राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दें। उन्होंने पूर्व छात्रों से भी आग्रह किया कि वे अपनी मातृ संस्था से सक्रिय रूप से जुड़े रहें और मार्गदर्शन, सहयोग तथा ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि रुड़की की यह धरती केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना देने वाली भूमि है।

पूर्व छात्र पुरस्कार समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए 18 पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रो. फैसल इरशाद खान, प्रो. दिनेश मोहन, पदम सिंह, रुचि वर्मण्य, डॉ. राजकुमार उपाध्याय, राजेश कुमार पाठक, डॉ. कपिल गर्ग, संजय शर्मा, सर्वेश महेश, सुमित जैन, डॉ. ए.के. सभरवाल और प्रो. ई. बालागुरुसामी शामिल रहे। वहीं, युवा पूर्व छात्र पुरस्कार रूपेश कुमार और नवनीत चहल को तथा उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार डॉ. ओम प्रकाश कुलश्रेष्ठ, नवनीत बुटान, अंबुज कुमार और डॉ. श्रेयस कुमार को दिया गया।

संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि 180वें वर्ष का शुभारंभ और आईआईटी के रूप में 25 वर्ष पूरे होना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अंतर्विषयी अनुसंधान और राष्ट्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों के समाधान पर विशेष ध्यान देगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story