आईआईटी रुड़की में ‘मॉलिक्यूलर मेडिसिन सुविधा’ का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी रुड़की में ‘मॉलिक्यूलर मेडिसिन सुविधा’ का उद्घाटन


हरिद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में जैव-विज्ञान एवं जैव-इंजीनियरिंग विभाग (बीएसबीई) के अंतर्गत ‘अशोक सूता मॉलिक्यूलर मेडिसिन सुविधा’ का संस्थान के पूर्व छात्र अशोक सूूूता ने उद्घाटन किया गया।

आईआईटी मीडिया सेल के अनुसार यह सुविधा मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, प्रिसीजन मेडिसिन और औषधि खोज के क्षेत्र में अनुवादात्मक अनुसंधान को गति देगी। केंद्र में प्रोटीन प्यूरीफिकेशन सिस्टम, एचपीएलसी/यूपीएलसी, जीसी-एमएस, फ्लो साइटोमीटर, कॉन्फोकल माइक्रोस्कोप, स्मॉल-एंगल एक्स-रे स्कैटरिंग सहित कई उन्नत उपकरण स्थापित किए गए हैं, जो रोग तंत्र की समझ से लेकर संभावित अणुओं के परीक्षण तक संपूर्ण अनुसंधान कार्यप्रवाह को समर्थन देंगे।

इस अवसर पर निदेशक प्रो. केके पंत ने कहा कि यह पहल संस्थान के जैव-चिकित्सीय अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करेगी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्यों में योगदान देगी। वहीं अशोक सूता ने इसे वैज्ञानिक खोजों को समाजोपयोगी समाधान में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। आईआईटी में शुरू हुई यह उद्योग समर्थित पहल अकादमिक–उद्योग सहयोग को मजबूत करते हुए कैंसर, तंत्रिका और संक्रामक रोगों पर उच्च प्रभाव वाले अनुसंधान को प्रोत्साहित करेगी। कार्यक्रम में संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story