हेमकुंड साहिब यात्रा का पहला जत्था रवाना, 23 मई को खुलेंगे कपाट

WhatsApp Channel Join Now
हेमकुंड साहिब यात्रा का पहला जत्था रवाना, 23 मई को खुलेंगे कपाट


ऋषिकेश, 20 मई (हि.स.)। सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इससे पहले बुधवार को ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब से श्रद्धालुओं का पहला जत्था पंज प्यारों के नेतृत्व में रवाना हुआ। गुरुद्वारा परिसर ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष और गुरबाणी से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने संयुक्त रूप से जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पंज प्यारों का पारंपरिक सम्मान किया गया तथा संगत पर पुष्प वर्षा की गई। अरदास के बाद श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए।

इस माैके पर उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जहां आध्यात्मिकता और वीरता साथ-साथ चलती हैं। गुरु गोबिंद सिंह का संदेश आज के संघर्ष और हिंसा के दौर में मानवता, साहस और धर्म के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल पर्वतों की कठिन चढ़ाई नहीं, बल्कि आत्मिक साधना और आत्मचिंतन की यात्रा भी है।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि हेमकुंड साहिब तप, त्याग, सेवा और साहस की दिव्य भूमि है। गुरु गोबिंद सिंह और साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। गंगा, गुरबाणी और हिमालय का यह संगम विश्व को शांति, प्रेम और सहअस्तित्व का संदेश देता है।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल के कार्यों पर आधारित पुस्तक “गुरसेवक” तथा डॉ. गुरदीप कौर द्वारा लिखित पुस्तक “समरी ऑफ कृष्ण अवतार फ्रॉम दशम ग्रंथ साहिब” का भी विमोचन किया गया।

हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने श्रद्धालुओं से यात्रा की पवित्रता बनाए रखने, प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सफल एवं मंगलमय यात्रा के लिए अरदास भी की।

चमोली जिले में समुद्र तल से करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब सिखों का प्रमुख तीर्थस्थल है। भारी बर्फबारी के कारण यह यात्रा हर वर्ष सीमित अवधि के लिए संचालित होती है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।

समारोह में उत्तराखंड माइनॉरिटीज एजुकेशन अथॉरिटी के चेयरमैन डॉ. सुरजीत सिंह, माइनॉरिटीज कमीशन की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम, पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू, उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान सहित अनेक संत-महात्मा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और देश-विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story