उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसा: छह मृतकों के शव निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसा: छह मृतकों के शव निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी


-सेना और आपदा बचाव दल शव निकालने में जुटे

ज्योतिर्मठ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले में ज्योतिर्मठ के समीप शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत के बाद शनिवार को भी घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है। दुर्घटनास्थल दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण राहत एवं बचाव दलों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के पार्थिव शरीरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें पांडुकेश्वर की ओर से कठिन पहाड़ी रास्तों पर पैदल चढ़ाई कर घटनास्थल तक पहुंच गई हैं। टीमें सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीरों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई में जुटी हैं।

रेस्क्यू अभियान को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आसपास के ऊंचाई वाले गांवों की ओर से वैकल्पिक पैदल मार्गों की भी तलाश की जा रही है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बीच अभियान में जुटे जवानों एवं अन्य कार्मिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता से काम कर रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीरों को सुरक्षित निकालकर जोशीमठ पहुंचाया जाए। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और बचाव दलों को आवश्यक संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769795 Articles

Share this story