देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा का अद्भुत समन्वय : नितिन गडकरी

WhatsApp Channel Join Now
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा का अद्भुत समन्वय : नितिन गडकरी


देवसंविवि का 46वां ज्ञान दीक्षा संस्कार समारोह सम्पन्न, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया मार्गदर्शनआत्म उन्नति, चरित्र निर्माण और लोकमंगल की भावना का विकास ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य

हरिद्वार, 27 जुलाई (हि.स.)।देवसंस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज में सोमवार को 46वां ज्ञान दीक्षा संस्कार समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। समारोह में बिहार, गुजरात, उत्तराखण्ड, उप्र, मप्र, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों व देशों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि भारतीय ऋषि परंपरा में शिक्षा को श्रेष्ठता के जागरण का मार्ग माना गया है। आत्म उन्नति, चरित्र निर्माण और लोकमंगल की भावना का विकास ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा का अद्भुत समन्वय है। यहां योग,यज्ञ,साधना,भारतीय जीवन शैली,पर्यावरण संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करने का सतत प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानार्जन के साथ उच्च जीवन-दृष्टि अपनाकर हम स्वयं के साथ देश को भी प्रगति के पथ पर ले जा सकते हैं।

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि ज्ञान दीक्षा हमें स्मरण कराती है कि जीवन में कुछ अच्छा,बड़ा और सार्थक करने के लिए दृढ़ संकल्प ही पर्याप्त है। ऐसे में युवाओं को अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानकर उनका सकारात्मक विकास करना चाहिए। यह समय ज्योति से ज्वाला बनकर राष्ट्र और समाज के नव निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का है।

शांतिकुंज प्रमुख व विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ.प्रणव पण्ड्या ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ज्ञान दीक्षा प्रदान की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों,सेवा-भावना एवं भारतीय संस्कृति के आदर्शों का बोध कराया गया।

शांतिकुंज उप डाकघर के स्वर्ण जयंती पर विशेष पिक्टोरियल स्टैम्प जारी

कार्यक्रम के दौरान शांतिकुंज उप डाकघर की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय डाक विभाग ने विशेष पिक्टोरियल स्टैम्प जारी किया। स्टैम्प में शांतिकुंज संस्थापक पं.श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा की पावन समाधि स्थल का चित्र अंकित है।

इस अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि, कुलसचिव बलदाउ देवांगन, प्रवर अधीक्षक डाकघर सचिन चौबे सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारीगण, अभिभावक और 02 हजार से अधिक नवप्रवेशी व पुराने छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story