उत्तरकाशी में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, गंगोत्री-यमुनोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से ढके

WhatsApp Channel Join Now
उत्तरकाशी में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, गंगोत्री-यमुनोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से ढके


उत्तरकाशी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम समेत उत्तरकाशी जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार को बर्फबारी हुई, जबकि जिला मुख्यालय और निचले क्षेत्रों में बारिश से ठंड बढ़ गई। हर्षिल, धराली, जानकीचट्टी और खरसाली की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। बर्फबारी के बीच भी गंगोत्री धाम में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

जिले में गुरुवार सुबह मौसम ने करवट बदली और गंगोत्री, हर्षिल, धराली, सुक्की, झाला तथा जसपुर में हिमपात हुआ। वहीं, यमुनोत्री धाम, जानकीचट्टी और खरसाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में सुबह से बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा।

मौसम में बदलाव के साथ जिले में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। अचानक बदले मौसम के बीच गंगोत्री धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को बर्फबारी का दीदार करने का मौका मिला।

गंगोत्री धाम में गुरुवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

जिला पुलिस प्रशासन के अनुसार गुरुवार को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में बर्फबारी के साथ बारिश हुई है। बर्फबारी के कारण धाम में ठंड बढ़ गई है। सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि वे ठंड एवं बारिश से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े और बरसाती साथ रखें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story