एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं की पहचान कर मतदाता सूची का शुद्धिकरण करें : मुख्य निर्वाचन आयुक्त
उत्तराखंड में प्री-एसआईआर चरण के 89 प्रतिशत मैपिंग पूरी,मुख्य निर्वाचन अधिकारी का डुप्लीकेट और फर्जी मतदाताओं की पहचान पर जोर
देहरादून, 24 मई (हि. स.)। उत्तराखंड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में प्री-एसआईआर चरण के अंतर्गत अब तक 89 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य “एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान कर मतदाता सूची का व्यापक शुद्धिकरण करना है, ताकि चुनावी प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बन सके। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो उपलब्ध कराने के साथ-साथ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
रविवार को बीजापुर गेस्ट हाउस देहरादून में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य में चल रही तैयारियों और मतदाता सत्यापन प्रक्रिया की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि राज्य में प्री-एस आईआर चरण के अंतर्गत 89 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। गणना प्रपत्रों की छपाई की तैयारी पूर्ण हो चुकी है, जबकि जिला निर्वाचन अधिकारियों, डिप्टी डीईओ और ईआरओ/एईआरओ का प्रथम चरण का प्रशिक्षण भी संपन्न हो चुका है। बीएलओ और अन्य फील्ड स्टाफ का प्रशिक्षण वर्तमान में जारी है।
निर्वाचन अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को बताया कि मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को साप्ताहिक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, एडीजी डॉ. वी मुरुगेशन, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, नवनियुक्त जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, प्रत्यूष सिंह उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

