मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री से की भेंट, रेपिड रेल काे हरिद्वार-ऋषिकेष तक विस्तार करने का किया आग्रह

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री से की भेंट, रेपिड रेल काे हरिद्वार-ऋषिकेष तक विस्तार करने का किया आग्रह


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की।मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें उत्तराखंड आगमन का निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री धामी ने रेपिड रेल काे मेरठ से हरिद्वार व ऋषिकेष तक विस्तार करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने भेंट के दाैरान प्रधानमंत्री को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को टिहरी स्थित शक्तिपीठ मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का घी, विभिन्न जिलों के पांच प्रकार के राजमा और शहद भेंट किए। भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना के अंतर्गत नेशनल वाटर डेवलपमेंट एजेंसी की फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति, पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई पट्टी के लिए एमओयू और चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित हेली सेवाओं के संचालन में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का विशेष धन्यवाद दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोड जैसी आधारभूत परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए भी आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उनके पूर्व दौरे के दौरान दिए गए सुझावों पर की गई अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी दी। धामी ने बताया कि उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न स्थलों पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र के रूप में कई क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है और शीतकालीन यात्रा के प्रारंभ होने से श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है और राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और कयाकिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा रहा है।

रेपिड रेल हरिद्वार तक विस्तार का किया अनुरोध

मुख्यमंत्री ने दिल्ली-मेरठ क्षेत्रीय त्वरित पारगमन प्रणाली के विस्तार को हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने का अनुरोध किया। इसके अलावा राज्य में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना, कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में डिफेंस इंडस्ट्रियल हब विकसित करने व चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार के लिए भी केंद्र से सहयोग मांगा।

एक्सप्रेस-वे एवं रेल परियोजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे औद्योगिक क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों तक आवागमन सुगम होगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन निर्माण का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए आमंत्रित किया। प्रस्तावित कार्यक्रमों में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना शामिल हैं।

राज्य की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी मुख्यमंत्री ने राज्य की विभिन्न पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि होम-स्टे योजना के तहत 6000 से अधिक इकाइयां पंजीकृत की जा चुकी हैं व “उत्तरास्टेज़ पोर्टल के माध्यम से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है। बागवानी क्षेत्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं और वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत सीमांत क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने “मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना”, “मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना” और “देवभूमि परिवार योजना” जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। साथ ही “अग्निवीर आरक्षण नियमावली-2025” और “उत्तराखण्ड जन विश्वास विधेयक-2026” के माध्यम से प्रशासनिक सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story