हिंगलगंज से परिवर्तन यात्रा का आगाज, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ममता सरकार पर बोला हमला
कोलकाता, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित जनसभा और रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
जनसभा को संबोधित करते हुए धामी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि पश्चिम बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति ने विकास की गति को रोक दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को कर्मवीर बनाने के बजाय भत्तावीर बनाया जा रहा है, जिससे उनके भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज पश्चिम बंगाल भारी कर्ज के बोझ से दबा हुआ है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है। राज्य में मातृशक्ति स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के कर्मचारियों को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है और उन्हें महंगाई भत्ता भी समय पर नहीं दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों विद्यालय बंद हो चुके हैं, जिससे आने वाली पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने सीमा पार से हो रही अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है, लेकिन इस पर राज्य सरकार की चुप्पी चिंताजनक है।
धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि पश्चिम बंगाल में पार्टी की सरकार बनते ही अराजकता समाप्त की जाएगी और सुशासन, सुरक्षा तथा विकास का नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ सर्वोच्च सिद्धांत है और इसी विचार के साथ पार्टी देश और समाज की सेवा कर रही है।
उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून और अवैध मदरसों पर कार्रवाई जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि मजबूत और निर्णायक नेतृत्व ही विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

