चार धाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2.38 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
चार धाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2.38 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


देहरादून, 26 अप्रैल (हि.स.)। चार धाम यात्रा में इस वर्ष आस्था का बड़ा उभार देखने को मिल रहा है। अब तक कुल 2,38,590 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 1.24 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं बद्रीनाथ धाम, यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार चार धाम यात्रा के तहत शनिवार शाम 7 बजे तक बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में कुल 2,38,590 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शनिवार को चारधाम में 55,998 श्रद्धालु धामों में पहुंचे।

23 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच बद्रीनाथ धाम में 37,884 तीर्थयात्री पहुंचे, जबकि शनिवार को 13,107 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

22 अप्रैल से चार दिनों के भीतर केदारनाथ धाम में 1,24,782 श्रद्धालु पहुंचे, जो चारों धामों में सबसे अधिक है। शनिवार को यहां 31,160 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 19 अप्रैल से 25 अप्रैल तक यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में कुल 75,924 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें यमुनोत्री में 38,206 और गंगोत्री में 37,718 श्रद्धालु शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story