हरिद्वार में भाजपा का महामंथन : 2027 की बनेगी रणनीति, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में भाजपा का महामंथन : 2027 की बनेगी रणनीति, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल


हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक इस बार 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार के श्री प्रेमनगर आश्रम में होने जा रही है। पहले दिन 21 नवंबर को पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यसमिति की बैठकें होंगी, जबकि दूसरे दिन 22 नवंबर को मुख्य विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी।

इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज के साथ ही मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, अन्य कैबिनेट मंत्री और प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। हरिद्वार को इस बैठक के लिए चुनना भी खास माना जा रहा है, क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां भाजपा को बड़ा झटका लगा था। जिले की 11 में से 8 सीटों पर पार्टी हार गई थी। प्रदेश भर में हुई कुल 23 सीटों की हार में से 8 सीटें अकेले हरिद्वार की ही थीं।

उस समय प्रदेश अध्यक्ष की कमान मदन कौशिक के पास थी, जो वर्तमान में कैबिनेट मंत्री हैं। नतीजों के बाद कई प्रत्याशियों ने उनके कामकाज पर सवाल भी उठाए थे और काफी विवाद हुआ था। अब उसी हरिद्वार से पार्टी एक बार फिर संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटी है। मकसद एक ही है, कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना और 2027 के चुनाव की जमीन अभी से तैयार करना।

इसी दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत भी तीन दिन के हरिद्वार प्रवास पर रहेंगे। वह विभिन्न जगहों पर संवाद करेंगे और शांतिकुंज के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इस तरह अगले तीन दिन हरिद्वार में संघ और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का काम करेगा।

बैठक में प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों के साथ-साथ हरिद्वार की 11 सीटों पर विशेष फोकस रहेगा। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का कहना है कि इस मंथन से 2027 में जीत का रास्ता साफ होगा। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा के अनुसार, बैठक में चुनाव की तैयारी, रणनीति और संगठन की आगे की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780279 Articles

Share this story