कांग्रेस का विभाजनकारी षड्यंत्र बेनकाब करें कार्यकर्ता : नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का विभाजनकारी षड्यंत्र बेनकाब करें कार्यकर्ता : नितिन नवीन


कांग्रेस का विभाजनकारी षड्यंत्र बेनकाब करें कार्यकर्ता : नितिन नवीन


-राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2027 में भाजपा की जीत का दिलाया संकल्प, धामी सरकार के कामकाज की सराहना

हल्द्वानी, 09 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर ‘विभाजनकारी राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से विपक्ष की कथित तुष्टीकरण और जातिवाद की राजनीति को जनता के सामने बेनकाब करने का आह्वान किया।

हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि उत्तराखंड भाजपा के लिए केवल एक राजनीतिक राज्य नहीं, बल्कि उसकी वैचारिक और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता की भूमि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में मजबूती से जुटने का आह्वान किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने हल्द्वानी की धरती से ‘राजनीतिक षड्यंत्र’ के तहत समाज को बांटने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथित विभाजनकारी राजनीति का राजनीतिक और वैचारिक स्तर पर जवाब दिया जाना चाहिए।

नवीन ने कांग्रेस पर दलितों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए डॉ.भीमराव आंबेडकर, बाबू जगजीवन राम और सीताराम केसरी का उल्लेख किया। उन्होंने राजस्थान, कर्नाटक और केरल में दलित नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों से जुड़े कथित मामलों का भी जिक्र किया और कांग्रेस पर ‘वोट बैंक की राजनीति’ के लिए दलित हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय वाल्मीकि समाज के लोगों को उच्च शिक्षा हासिल करने के बावजूद सफाई कर्मचारी के रूप में काम करने को मजबूर किया जाता था। नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने डॉ. आंबेडकर से जुड़े ‘पंचतीर्थ’ विकसित कर उनके सम्मान को आगे बढ़ाया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड का निर्माण किया और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को विकसित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और शहीदों के आश्रितों के लिए विभिन्न योजनाएं लागू करने जैसे कदम भाजपा की विचारधारा के अनुरूप हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की जीत केवल सरकार बनाने की जीत नहीं होगी, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा की जीत भी होगी। नबीन ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम,पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम’ भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है।

उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्टार्टअप, खेल और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिला है। उन्होंने दावा किया कि करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर लाया गया और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया गया।

नबीन ने उत्तराखंड में सड़क और सीमावर्ती बुनियादी ढांचे के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और चारधाम ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों को अब ‘अंतिम गांव’ के बजाय ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर नबीन का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करने और ‘विकसित उत्तराखंड’ के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

धामी ने कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति, तीन तलाक पर रोक और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि करीब छह दशक तक देश पर शासन करने वाली पार्टी अब देश और विदेश में ‘भ्रम और अफवाह’ फैलाने का काम कर रही है। धामी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर पहुंचने और विपक्ष के ‘‘कथित काले चेहरे’ को जनता के सामने उजागर करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के उस संकल्प को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है जिसके तहत यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्यों और बेहतर सुविधाओं का असर धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों में भी दिखाई दे रहा है। इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के चारधाम पहुंचने तथा आदि कैलाश आने वाले यात्रियों की संख्या 60 हजार से अधिक होने का उन्होंने दावा किया।

मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों का ‘रिपोर्ट कार्ड’ लेकर घर-घर जाने और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story