उत्तराखंड में हैट्रिक के लिए कमर कसें कार्यकर्ता : राम माधव

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में हैट्रिक के लिए कमर कसें कार्यकर्ता : राम माधव


-परिवारवाद नहीं, कार्यकर्ताओं की योग्यता से तय होती है भाजपा में भूमिका : राम माधव

हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भाजपा के लिए ‘नेचुरल पार्टी ऑफ गवर्नेंस’ है। यह देवभूमि और वीरभूमि है तथा भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा के साथ यहां की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है।

रविवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए राम माधव ने कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और परिश्रम के बल पर टिकट का दावेदार बन सकता है। पार्टी में परिवारवाद और धनबल के आधार पर फैसले नहीं होते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उदाहरण हैं, जिन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक यात्रा शुरू की।

उन्होंने टिकट के दावेदारों को धैर्य रखने की सलाह देते हुए कहा कि चुनाव में टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलेगा, लेकिन पार्टी की जीत सामूहिक प्रयास से सुनिश्चित होगी। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती और भाजपा की जीत के लिए काम करना चाहिए।

राम माधव ने बताया कि दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए विस्तारक जिला केंद्रों में रहकर चुनावी तैयारियों में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में उत्साहजनक माहौल है। इस माहौल को बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय रहना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एकजुटता और संगठन की ताकत के सामने कोई बाहरी शक्ति भाजपा को चुनाव में पराजित नहीं कर सकती।

उन्होंने उत्तराखंड राज्य के गठन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के बाद से भाजपा को जनता ने 17 वर्षों तक सेवा का अवसर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राम माधव ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि चुनावों में नए रिकॉर्ड बनाने वाली पार्टी है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को भाजपा ने तोड़ा है। उन्होंने कहा कि दस वर्षों के शासन के बाद पार्टी अब 15 वर्षों तक निरंतर जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

राम माधव ने कहा कि उत्तराखंड की करीब 1.20 करोड़ धर्मनिष्ठ और देशभक्त जनता का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ रहा है। आदि कैलाश से बदरीनाथ धाम तक हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि में विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का काम निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों तथा उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की मजबूत सरकार और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन की मजबूती जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ जुटकर उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प पूरा करने का आह्वान किया।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story