भाजपा ने उत्तराखंड में हैट्रिक के साथ दो-तिहाई बहुमत का रखा लक्ष्य, शक्ति केंद्र आधारित रणनीति पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने उत्तराखंड में हैट्रिक के साथ दो-तिहाई बहुमत का रखा लक्ष्य, शक्ति केंद्र आधारित रणनीति पर जोर


हल्द्वानी, 09 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। पार्टी केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आधार बनाकर जनता का विश्वास जीतने की रणनीति पर काम करेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को प्रदेश पदाधिकारी एवं विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से विकास और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान चलाकर भाजपा के पक्ष में बने जनसमर्थन को मतों में बदलने की रणनीति पर काम करें।

नवीन ने कार्यकर्ताओं से विपक्ष की कथित नकारात्मक राजनीति का राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की अपील करते हुए कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत करना होगा।

उन्होंने कांग्रेस पर समाज को विभाजित करने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को ऐसी राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना चाहिए। नबीन ने कहा कि चुनाव में भाजपा से मुकाबला नहीं कर पाने वाले लोग अब ‘छद्म और षड्यंत्रकारी राजनीति’ का सहारा ले रहे हैं और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर इसका पर्दाफाश करना होगा।

भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस समर्थन को चुनावी सफलता में बदलने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

बैठक में पार्टी की चुनावी रणनीति में बदलाव का भी निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस बार भाजपा मंडल के बजाय शक्ति केंद्र आधारित रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। मोर्चों की भूमिका बढ़ाते हुए उन्हें मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।नवीन ने ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए विपक्ष पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवाद और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच रखना चाहिए।

नकारात्मकता का पर्दाफाश कर विकास के मुद्दे पर जनविश्वास हासिल करेगी भाजपाभाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार,पार्टी के तीन बार पदाधिकारी रह चुके और वर्तमान में किसी संगठनात्मक पद पर नहीं रहने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की ‘ऐतिहासिक हैट्रिक’ और दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लक्ष्य के अनुरूप संगठनात्मक तैयारियां की जाएंगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने तथा रोजगार, विकास, महिला, किसान और जनकल्याण के मुद्दों पर जनता का विश्वास हासिल करने का आह्वान किया। कहा कि विपक्ष की जातिवाद, क्षेत्रवाद और भ्रम की नकारात्मक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। भाजपा सकारात्मक राजनीति के साथ राज्य के चुनावी इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल करेगी।

तीरथ बोले- बूथ-बूथ जाकर जनआशीर्वाद से भाजपा को जिताने का समयभाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर तक सक्रिय होकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड का निर्माण किया और प्रधानमंत्री मोदी राज्य को संवारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी एक अभिभावक की तरह उत्तराखंड के विकास, जनता के कल्याण और प्रदेश की समस्याओं की चिंता करते हैं। प्रदेश में संकट की किसी भी घड़ी में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का सहयोग राज्य को मिलता रहा है।

केदारनाथ आपदा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी संकट की घड़ी में उत्तराखंड की मदद के लिए हाथ बढ़ाया था। उन्होंने कहा कि शायद इसी सेवा भाव को देखते हुए बाबा केदारनाथ ने उन्हें देश को संवारने की जिम्मेदारी दी, जिसमें वह पूरी तरह सफल हो रहे हैं। कहा कि अब विधानसभा चुनाव सामने हैं। ऐसे में विकसित उत्तराखंड के निर्माण और प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को एक बार फिर बूथ-बूथ जाकर जनता का आशीर्वाद लेना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

जीत की हैट्रिक के साथ उत्तराखंड में आएगा भाजपा का स्वर्णिम काल : बलूनी

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के संवर्धन और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस उत्तराखंड का निर्माण किया था, उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारें विकसित राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रही हैं। कहा कि भाजपा सरकार के कार्यों के कारण उत्तराखंड विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की विभिन्न सरकारों ने विकास को गति दी और अब मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई दिशा मिली है।

उन्होंने दिल्ली-देहरादून के बीच कनेक्टिविटी का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले इस दूरी को तय करने में सात से आठ घंटे लगते थे, लेकिन अब यात्रा का समय घटकर करीब दो से तीन घंटे रह गया है। कुछ वर्ष पहले तक इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। बलूनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस कथन का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा का स्वर्णिम काल अभी आना बाकी है। उन्होंने कहा कि इसी तरह उत्तराखंड में भी भाजपा का स्वर्णिम काल तब आएगा, जब पार्टी लगातार तीसरी बार रिकॉर्ड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने और पार्टी को दो-तिहाई बहुमत दिलाने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक में मुख्यमंत्री धामी,भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीर्थ सिंह रावत,राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार,दीप्ति रावत एवं तरुण बंसल सहित प्रदेश पदाधिकारी,जिला प्रभारी और सह प्रभारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story