ऋषिकेश में होगी ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग, मुख्यमंत्री से मिले निर्माता

WhatsApp Channel Join Now
ऋषिकेश में होगी ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग, मुख्यमंत्री से मिले निर्माता


देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक बीटल्स आश्रम में फरवरी 2027 में विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग प्रस्तावित है। इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ‘क्लोवर’ नाम से प्रस्तावित इस परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना में ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, फिल्म श्रृंखला ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ के तहत तैयार की जा रही फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और करीब 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों एवं अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग स्थलों के कारण प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास अधिक से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजनाओं को उत्तराखंड में आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की पहचान दुनियाभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर और भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर सहित सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763187 Articles

Share this story