हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज


देहरादून, 13 अप्रैल (हि.स.)। देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग के मामले में पुलिस ने हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी (सत्यम शिवम छात्र संगठन) की ओर से थाना डालनवाला में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि 11 अप्रैल को कॉलेज परिसर में आयोजित सार्वजनिक मंच कार्यक्रम के दौरान गायक की ओर से अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और आम लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में आरोपित के खिलाफ मु.अ.सं. 63/2026 के तहत धाराओं 296, 352, 79 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया है। घटना की सूचना पर रविवार रात्रि 12 अप्रैल को रात 11:16 बजे प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story