(अपडेट) अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, फिल्म नीति पर चर्चा
देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थल के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट की शूटिंग से फिल्म निर्माण स्थल के रूप में उत्तराखंड की पहचान मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति के लिए एकल खिड़की व्यवस्था सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें। फिल्म निर्माण गतिविधियों में वृद्धि से पर्यटन, होटल, परिवहन और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

