33 दिन में 30 हजार पार पहुंची आदि कैलाश-ओम पर्वत यात्रा इनर लाइन परमिट की संख्या

WhatsApp Channel Join Now
33 दिन में 30 हजार पार पहुंची आदि कैलाश-ओम पर्वत यात्रा इनर लाइन परमिट की संख्या


पिथौरागढ़ (उत्तराखंड), 03 जून (हि. स.)। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ स्थित पवित्र आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। यात्रा शुरू होने के मात्र 33 दिन के भीतर 30,016 इनर लाइन परमिट जारी होने के साथ इस वर्ष यात्रा ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, 02 जून तक कुल 30,016 इनर लाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं। अकेले 02 जून को 1,178 परमिट जारी हुए। यात्रा का शुभारंभ 01 मई को जोलीकोंग स्थित पार्वती कुंड के समीप शिव मंदिर के कपाट खुलने के साथ हुआ था।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में पूरे यात्रा सत्र के दौरान 29,352 और वर्ष 2025 में 36,526 इनर लाइन परमिट जारी हुए थे। ऐसे में इस वर्ष केवल 33 दिनों में 30 हजार का आंकड़ा पार होना यात्रा के प्रति बढ़ती आस्था और लोकप्रियता का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

जिला प्रशासन के मुताबिक, एक से 31 मई के बीच लगभग 28 हजार श्रद्धालु एवं पर्यटक आदि कैलाश और ओम पर्वत पहुंचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में 150 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अक्टूबर 2023 में आदि कैलाश भ्रमण और जून 2024 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा यहां योग साधना किए जाने के बाद इस आध्यात्मिक धाम को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। इसके बाद से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि आदि कैलाश यात्रा सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। पर्यटन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है तथा सीमा से लगे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन रोकने में भी मदद मिल रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर आने से पहले आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। मौसम की जानकारी प्राप्त करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story