चहल-नीतीश समेत पांच क्रिकेटरों ने किए महाकाल के दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
चहल-नीतीश समेत पांच क्रिकेटरों ने किए महाकाल के दर्शन


चहल-नीतीश समेत पांच क्रिकेटरों ने किए महाकाल के दर्शन


उज्जैन (मध्य प्रदेश), 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा और राहुल तेवतिया समेत पांच क्रिकेटर बुधवार तड़के बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे। सभी खिलाड़ियों ने श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे खिलाड़ियों ने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए और मंत्र जाप करते हुए आराधना की।

भस्म आरती के दौरान युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा, राहुल तेवतिया, सुमित कुमार और अमित कुमार महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़कर बाबा महाकाल को नमन किया। आरती के बाद मंदिर की देहरी से भगवान का आशीर्वाद लिया। पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित कर पूजा-अर्चना भी की।

चहल ने कहा कि करीब पांच महीने बाद दोबारा बाबा महाकाल के दरबार में आकर अच्छा लग रहा है। यहां का माहौल हमेशा शानदार रहता है। जब भी यहां आता हूं, सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और ऐसा लगता है कि महाकाल का आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ है। नीतीश राणा ने कहा कि वे पहले भी कई बार आ चुके हैं। जब भी जीवन में किसी परेशानी या दुविधा का सामना करना पड़ता है, तो महाकालेश्वर के दरबार में आकर नमन करते हैं। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

चहल ने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि यहां दर्शन और पूजा-पाठ के दौरान कभी परेशानी नहीं होती। भक्तों की संख्या अधिक होने के बावजूद व्यवस्था अच्छी रहती है और आसानी से दर्शन हो जाते हैं। राहुल तेवतिया सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।

गणेश स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म अर्पित कर हुई आरतीः भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया गया। अगहन माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा पर सुबह 4 बजे मंदिर के पट खोले गए। सबसे पहले वीरभद्रजी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया गया। इसके बाद भगवान महाकाल की आज्ञा लेकर चांदी का द्वार खोला गया। गर्भगृह में पुजारियों ने भगवान का श्रृंगार उतारकर पंचामृत पूजन किया। जलाभिषेक के बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।

इसके बाद भांग, चंदन और सिंदूर से भगवान का गणेश स्वरूप में शृंगार किया गया। भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं धारण कराई गईं। फल, मिष्ठान और ड्रायफ्रूट का भोग लगाया गया। कर्पूर आरती के बाद मंत्रोच्चार के बीच भगवान को भस्म अर्पित की गई। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पण की परंपरा निभाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल हुए और बाबा महाकाल के दर्शन किए। नंदी हॉल में नंदी महाराज का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नंदीजी के कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। बाबा महाकाल के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782746 Articles

Share this story