बालासाहेब की शाल धारण करने से कोई बालासाहेब नहीं बन जाता: उद्धव ठाकरे

WhatsApp Channel Join Now
बालासाहेब की शाल धारण करने से कोई बालासाहेब नहीं बन जाता: उद्धव ठाकरे


मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तंज कसते हुए कहा कि बालासाहेब की शाल धारण करने से कोई बालासाहेब नहीं बन जाता है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कुछ लोग बालासाहेब की शाल पहनकर बालासाहेब ठाकरे बनने का प्रयास कर रहे हैं, जनता उन्हें कुछ समय बाद चप्पलों से पीटेगी। उद्धव ठाकरे गुरुवार को मुंबई के दादर में स्थित शिवाजी पार्क पार्क मैदान पर दशहरा सभा को संबोधित कर रहे थे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि भेडिय़े द्वारा बाघ की खाल ओढऩे की कहानी तो हम जानते हैं। लेकिन आज मैंने पहली बार बालासाहेब की भगवा शॉल ओढ़े गधे की तस्वीर देखी। गधे को चाहे जितनी शॉल पहना दो, गधा गधा ही रहता है। एक दिन जनता जूतों से पिटेगी। वह दिन दूर नहीं।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि 'कई पार्टियां मेरी शिवसेना को तोडऩे पर तुली हैं। लेकिन एक बात याद रखना, जो चुराया गया वह पीतल था। मेरे पास मेरा असली सोना है।' शिवसैनिकों की वफ़ादारी की तारीफ़ करते हुए उन्होंने आगे कहा, 'यही मेरा सोना है। जान देने वाले, वफ़ादार शिवसैनिक, मेरा सोना हैं। इसी सोने की बदौलत मैं फिर से खड़ा होऊँगा।'

उद्धव ठाकरे ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके गुट के विधायकों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सीधा आरोप लगाया, 'गद्दार किसानों का पैसा लेकर गुवाहाटी भाग गए।' इस मौके पर उन्होंने राज्य में बाढ़ प्रभावित किसानों के मुद्दे की ओर ध्यान दिलाया और सरकार को कड़ी चेतावनी दी। मराठवाड़ा में बाढ़ प्रभावित किसानों की दुर्दशा पर उद्धव ठाकरे ने सरकार से तत्काल मदद की माँग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765254 Articles

Share this story