कांग्रेस ने उदय भानु चिब की गिरफ्तारी की निंदा की

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने उदय भानु चिब की गिरफ्तारी की निंदा की


नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। एआई शिखर सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आपत्ति जताई है।

कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर बयान जारी कर कहा गया कि यह गिरफ्तारी असंवैधानिक है और विरोध का अधिकार हर नागरिक को मिला हुआ है। पार्टी जनता की आवाज उठाती रहेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश में युवाओं के लिए रोजगार की स्थिति गंभीर है और जनता में असंतोष बढ़ रहा है। अमेरिका के साथ हुए समझौते से किसानों और देश के हितों को नुकसान पहुंचा है। विपक्ष की आवाज दबाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस डरने वाली नहीं है। मैं इसकी निंदा करता हूं।

राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध भारतीय लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है। राहुल ने गिरफ्तारी को अनुचित बताया और कहा कि सत्ता को सच दिखाना अपराध नहीं, बल्कि देशभक्ति है।

कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विरोध करना गैरकानूनी नहीं है। प्रदर्शन का तरीका बेहतर हो सकता था, लेकिन भाजपा भी इसी तरह विरोध करती रही है। इस घटना ने सरकार की अंतरराष्ट्रीय आयोजन क्षमता पर सवाल खड़े किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story