भारत पहुंचे यूएई के उप प्रधानमंत्री, जयशंकर के साथ द्विपक्षीय सहयोग पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
भारत पहुंचे यूएई के उप प्रधानमंत्री, जयशंकर के साथ द्विपक्षीय सहयोग पर होगी चर्चा


भारत पहुंचे यूएई के उप प्रधानमंत्री, जयशंकर के साथ द्विपक्षीय सहयोग पर होगी चर्चा


मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान सोमवार को आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनका यह दौरा भारत और यूएई के बीच नियमित उच्चस्तरीय संपर्क तथा मजबूत होते रणनीतिक संबंधों को दर्शाता है।

महाराष्ट्र सरकार में कौशल विकास विभाग के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने मुंबई पहुंचने पर शेख अब्दुल्ला का स्वागत किया। भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर उनके आगमन की जानकारी देते हुए कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर 19 और 20 अक्टूबर को मुंबई में अपने यूएई समकक्ष की मेजबानी करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे और मौजूदा पहलों को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक), रक्षा और संपर्क सुविधाओं जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल होंगे। इसके अलावा, पश्चिम एशिया की स्थिति तथा वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763724 Articles

Share this story