असम राइफल्स के साथ मुठभेड़ में एनएससीएन के दो उग्रवादी ढेर

WhatsApp Channel Join Now
असम राइफल्स के साथ मुठभेड़ में एनएससीएन के दो उग्रवादी ढेर


इटानगर, 12 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के मियाओ सर्कल में सोमवार की देर रात से असम राइफल्स द्वारा चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियान में नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (एनएससीएन) के अंगामई गुट से संबंधित दो सदस्य मारे गए।

आज अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह मुठभेड़ मियाओ पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र के सोंगकिंग गांव के पास घने जंगल वाले इलाके में रात भर चले अभियान के दौरान हुई। तलाशी के दौरान घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।

एनएससीएन के अंगामई गुट के सूचना और प्रचार विभाग की ओर से आज जारी एक बयान में दावा किया गया है कि मारे गए कैडरों की पहचान तांगशांग क्षेत्र के नयांग गांव निवासी स्वयंभू लेफ्टिनेंट कर्नल उमकोंग और लीनोंग क्षेत्र के चिथोक गांव के स्वंभू सार्जेंट एनू के रूप में की गयी है।

यह अभियान एनएससीएन उग्रवादियों की इलाके में मौजूदगी की विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था। बताया जा रहा है कि उग्रवादी इलाके में डेरा डाले हुए थे और कथित तौर पर स्थानीय ग्रामीणों से जबरन वसूली कर रहे थे।

सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए, सैनिकों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया, इसी दौरान कथित तौर पर उग्रवादियों ने उन पर भारी गोलीबारी की। जिसके चलते दोनों ओर से भीषण गोलीबारी शुरू हो गई।

यह अभियान रात भर जारी रहा, जिसके परिणामस्वरूप दो उग्रवादी मारे गए। सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में बचे हुए विद्रोहियों का पता लगाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Share this story