हैदराबाद एयरपोर्ट पर नकली टिकटों के साथ दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार, दुबई जाने की थी योजना

WhatsApp Channel Join Now

हैदराबाद, 24 जुलाई (हि.स.)। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आरजीआईए) पर शुक्रवार को इमीग्रेशन और एयरलाइंस अधिकारियों ने दुबई जाने की तैयारी कर रहे दो नेपाली नागरिकों को फर्जी हवाई टिकट के साथ हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में दोनों के टिकट नकली पाए गए, जिसके बाद उन्हें शमशाबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार दोनों नेपाली नागरिक दुबई जाने वाली उड़ान से यात्रा करने के लिए राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे। बोर्डिंग प्रक्रिया से पहले एयरलाइंस और इमीग्रेशन अधिकारियों ने उनके यात्रा दस्तावेजों और टिकटों की नियमित जांच की। इसी दौरान टिकटों में कुछ संदिग्ध विसंगतियां दिखाई देने पर उनकी गहन जांच की गई।

जांच में दोनों यात्रियों के हवाई टिकट फर्जी पाए गए। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और आगे की कार्रवाई के लिए शमशाबाद पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों यात्रियों को नकली टिकट किसने उपलब्ध कराए। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस मामले के पीछे किसी ट्रैवल एजेंट या फर्जी टिकट तैयार करने वाले संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की विभिन्न कोणों से जांच की जा रही है।

शमशाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही टिकटों के स्रोत और संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story