पंजाब में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने में शामिल केजेडएफ के दो गुर्गे मलेशिया से लाये गए
- दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार करके पंजाब लाकर पूछताछ कर रही है पुलिस
चंडीगढ़, 19 जून (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) से जुड़े दो वांछित गुर्गों को मलेशिया से प्रत्यर्पण कराया है। पंजाब पुलिस ने दोनों को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया और आगे की जांच के लिए उन्हें पंजाब लेकर आई है। पंजाब पुलिस इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार काे बताया कि अंबाला निवासी गुरविंदर सिंह और पटियाला निवासी मनजीत सिंह पंजाब में समर्पित माल कॉरिडोर लाइनों सहित महत्वपूर्ण रेलवे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने में शामिल केजेडएफ समर्थित आतंकवादी मॉड्यूल के मलेशिया आधारित कार्यकर्ता हैं। यह कार्रवाई इसी साल 23 जनवरी को सरहिंद रेलवे लाइन पर हुए आईईडी विस्फोट तथा 27 अप्रैल को पटियाला के शंभू में उसी रेलवे लाइन पर विस्फोट करने के प्रयास के मामले में चार कट्टरपंथियों की गिरफ्तारी के बाद की गई है।
पंजाब पुलिस ने इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने इनके कब्जे से एक रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) लॉन्चर, 2.296 किलोग्राम वजन का एक धातुयुक्त आईईडी, डेटोनेटर और बैटरी, 1.456 किलोग्राम वजन के आरडीएक्स के दो पैकेट, दो हैंड ग्रेनेड, छह आधुनिक पिस्तौलें तथा उनके मैगजीन और कारतूस बरामद किए थे। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैली इस साजिश की जांच के दौरान मलेशिया से संचालित केजेडएफ हैंडलरों और वित्तीय सहायता प्रदान करने वालों की संलिप्तता का खुलासा हुआ है।
उन्होंने बताया कि डिपोर्ट करके लाये गए आरोपित पंजाब में केजेडएफ कार्यकर्ताओं को ऑफशोर खातों के माध्यम से आतंकवादी फंड भेजने तथा राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था को भंग करने के लिए आतंकवादी हमलों की योजनाओं को अंजाम देने में सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपितों को गुरुवार को पटियाला की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि व्यापक नेटवर्क का पर्दाफाश करने और साजिश में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

