गुजरात के कच्छ में तीन मिनट के भीतर भूकंप के दो झटके, खावड़ा और धोलावीरा के पास महसूस हुए कंपन

WhatsApp Channel Join Now
गुजरात के कच्छ में तीन मिनट के भीतर भूकंप के दो झटके, खावड़ा और धोलावीरा के पास महसूस हुए कंपन


भुज/कच्छ, 16 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर महज तीन मिनट के अंतराल में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। पहला झटका खावड़ा के पास और दूसरा विश्व धरोहर स्थल धोलावीरा के निकट दर्ज किया गया। दोनों भूकंपों की तीव्रता क्रमशः रिक्टर पैमाने पर 3.6 और 3.2 मापी गई।

भूकंप का पहला झटका दोपहर 2:20 बजे खावड़ा क्षेत्र में महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.6 रही। इसके ठीक तीन मिनट बाद 2:23 बजे धोलावीरा के निकट दूसरा झटका आया, जिसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई।

अषाढ़ी बीज के पर्व के बीच लगातार दो झटके महसूस होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

गौरतलब है कि कच्छ का सीमावर्ती क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है और यहां समय-समय पर हल्के भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story