त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच शुरू


अगरतला, 20 जुलाई (हि.स.)। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव अगरतला स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में उनके कार्यालय कक्ष से बरामद किया गया। पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है, हालांकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने नियमित निरीक्षण के दौरान डीजीपी अनुराग धनखड़ को उनके कार्यालय कक्ष में फंदे से लटका हुआ पाया। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक मजिस्ट्रेट, फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अगरतला स्थित गोविंद बल्लभ पंत (जीबीपी) अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

अनुराग धनखड़ 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी थे और मई 2025 में उन्हें त्रिपुरा का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे राज्य में डीजीपी (इंटेलिजेंस) सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके थे।

घटना के बाद राज्य सरकार और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। डीजीपी के निधन की खबर से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में शोक की लहर है। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story