श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर राष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि, नेताओं ने किया श्रद्धापूर्वक स्मरण

WhatsApp Channel Join Now
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर राष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि, नेताओं ने किया श्रद्धापूर्वक स्मरण


नई दिल्ली, 27 दिसंबर (हि.स.)। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण कर उनके साहस, त्याग, समानता और न्याय के आदर्शों को याद किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट कर अपने संदेश में कहा कि गुरु गोबिंद सिंह अदम्य साहस और दूरदर्शिता के प्रतीक थे। उन्होंने धर्मपूर्वक जीवन जीने की प्रेरणा दी और न्याय व आत्मसम्मान की रक्षा के लिए लोगों को संगठित किया। उनकी शिक्षाएं एकता, करुणा और सभी के प्रति सम्मान पर आधारित समाज के निर्माण का मार्ग दिखाती रहेंगी।

गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु गोबिंद सिंह जी को ‘सरबंसदानी’ बताते हुए कहा कि मानव इतिहास में उनके जैसा अद्वितीय त्याग विरल है। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपने पूरे परिवार सहित सर्वोच्च बलिदान दिया। खालसा पंथ की स्थापना के माध्यम से उन्होंने सेवा के साथ-साथ रक्षा को सशक्त बनाया।

सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनका जीवन और उनके विचार सदियों को प्रेरित करते रहेंगे। आज उनके प्रकाश पर्व के अवसर पर उन्हें नमन।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनका निडर रुख, समानता और कर्तव्य का संदेश एक मजबूत और एकजुट भारत को प्रेरित करता है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरबंस दानी, साहिब-ए-कमाल व सिख धर्म के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक, धन धन गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने सम्पूर्ण मानवता को शांति, प्रेम, एकता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।

लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व की सभी को बधाईयां देते हुए लिखा है कि मानव कल्याण, साहस और सत्य के लिए उनके द्वारा दिखाए गए आदर्श और मार्ग सदैव हमें प्रेरणा देते रहेंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कहा कि अन्याय और दमन के विरुद्ध चेतना जागृत करने वाले, खालसा पंथ के संस्थापक, 'सरबंस दानी' साहिब-ए-कमाल गुरु गोबिंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। गुरु साहिब का जीवन शौर्य, त्याग और आध्यात्मिक उत्कर्ष का अद्वितीय समन्वय है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि महान संत एवं धर्मयोद्धा, साहस और त्याग की प्रतिमूर्ति, खालसा पंथ के संस्थापक, दशमेश पिता गुरु गोबिन्द सिंह महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर उन्हें श्रद्धांजलि। अन्याय व अधर्म के विरुद्ध आपका संघर्ष और धर्मरक्षा का संदेश संपूर्ण मानवता को सत्य, निष्ठा एवं निर्भीकता के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सिख धर्म के दसवें गुरु, खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व पर नमन। साहस, त्याग, समानता और धर्म की रक्षा का संदेश मिलता है। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना कर मानवता को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं हमें सत्य, सेवा और न्याय के मार्ग पर सदैव अग्रसर रहने का संकल्प कराती हैं।

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि साहस, बलिदान और धर्मनिष्ठा के पर्याय, खालसा पंथ के संस्थापक एवं सिख पंथ के 10वें गुरु गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर नमन। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह का जीवन चरित्र संपूर्ण मानवता के लिए साहस, सत्य और समर्पण का प्रतीक है। उनकी शौर्यगाथा यह शिक्षा देती है कि धर्म का वास्तविक अर्थ अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर संघर्ष करने की शक्ति है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story