चलती ट्रेन में महिला ने बेटे को जन्म दिया, सवाई माधोपुर में मेडिकल टीम ने संभाला
कोटा, 23 सितंबर (हि.स.)। मन्नारगुडी-जोधपुर एक्सप्रेस में बुधवार को यात्रा कर रही 26 वर्षीय महिला ने प्रसव पीड़ा के दौरान चलती ट्रेन में बेटे को जन्म दिया। रेल मदद के जरिए सूचना मिलने पर रेलवे ने सवाई माधोपुर स्टेशन पर मेडिकल टीम को तैयार रखा। स्टेशन पहुंचने पर चिकित्सकीय टीम ने मां और नवजात की जांच कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। दोनों स्वस्थ पाए गए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार महिला यात्री शारदा अपने पति और परिवार की पांच-छह महिला सदस्यों के साथ ट्रेन के सामान्य श्रेणी के कोच में जोधपुर जा रही थीं। सुबह 5:35 बजे ट्रेन के कोटा स्टेशन से रवाना होने के बाद उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसी दौरान एक यात्री ने रेल मदद के माध्यम से कोटा वाणिज्य नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटा वाणिज्य नियंत्रण कक्ष ने सवाई माधोपुर के स्टेशन प्रबंधक देशराज मीणा को जानकारी दी। स्टेशन प्रबंधक ने रेलवे चिकित्सालय की मेडिकल टीम को तत्काल अलर्ट किया और स्टेशन पर आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था कराई।
इसी बीच चलती ट्रेन में महिला ने बेटे को जन्म दिया। ट्रेन सुबह 6:40 बजे सवाई माधोपुर स्टेशन पहुंची तो वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामराज मीणा, महिला स्वास्थ्य सहायक कविता, वरिष्ठ नर्सिंग अधीक्षक जावेद खान और नाइट वॉचमैन दिनेश की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मां और नवजात की चिकित्सकीय जांच की। दोनों स्वस्थ पाए गए।
चिकित्सकीय टीम ने प्रसव के बाद महिला को आवश्यक उपचार और दवाइयां दीं। चिकित्सक ने मां और नवजात की सुरक्षा को देखते हुए महिला को ट्रेन से उतारकर अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। हालांकि महिला ने स्वयं को स्वस्थ बताते हुए परिवार के साथ जोधपुर तक यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

