ट्राई के मोबाइल नेटवर्क परीक्षण में उडुपी में जियो बेहतर, बीएसएनएल पीछे
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) की ओर से कर्नाटक के उडुपी जिले में किए गए मोबाइल नेटवर्क परीक्षण में रिलायंस जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर पाया गया है। जांच के दौरान जियो ने डाउनलोड गति, नेटवर्क कवरेज और कॉल गुणवत्ता के अधिकांश मानकों पर अन्य कंपनियों को पीछे छोड़ दिया, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल का प्रदर्शन कवरेज, कॉल ड्रॉप और डेटा गति के मामले में सबसे कमजोर रहा।
केंद्रीय संचार मंत्रालय के मुताबिक ट्राई ने यह मोबाइल नेटवर्क परीक्षण 17 से 20 मार्च के बीच उडुपी जिले में आयोजित किया था। इसके तहत 535.5 किलोमीटर शहरी मार्ग, 15 प्रमुख हॉटस्पॉट, 9.8 किलोमीटर पैदल परीक्षण क्षेत्र और तटीय क्षेत्रों में मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता का व्यापक आकलन किया गया, जिसमें एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया (वीआई) के नेटवर्क का मूल्यांकन किया गया।
आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, नेटवर्क कवरेज के मामले में जियो के 46,087 नमूनों में से केवल 4,561 नमूने ही कमजोर सिग्नल वाले पाए गए, जबकि एयरटेल में 5,304, वोडाफोन आइडिया में 11,219 और बीएसएनएल में सर्वाधिक 18,643 नमूने कमजोर सिग्नल वाले दर्ज किए गए। वहीं, कॉल ड्रॉप के मामले में एयरटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां 420 सफल कॉल में केवल एक कॉल ड्रॉप हुई, जबकि जियो में चार, वोडाफोन आइडिया में 13 और बीएसएनएल में सबसे ज्यादा 22 कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं।
कॉल के दौरान आवाज रुकने की घटनाओं में जियो का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा, जहां 402 कॉल में 16 घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि एयरटेल में 30, बीएसएनएल में 22 और वोडाफोन आइडिया में 32 ऐसी घटनाएं सामने आईं। डेटा डाउनलोड गति के मामले में भी जियो 197.40 मेगाबिट प्रति सेकंड की औसत गति के साथ सबसे आगे रहा, जबकि एयरटेल की डाउनलोड गति 96.45, वोडाफोन आइडिया की 23.09 और बीएसएनएल की महज 5.65 मेगाबिट प्रति सेकंड दर्ज की गई।
डेटा अपलोड गति में एयरटेल 17 मेगाबिट प्रति सेकंड के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि जियो की औसत अपलोड गति 14.78, वोडाफोन आइडिया की 10.81 और बीएसएनएल की 1.76 मेगाबिट प्रति सेकंड रही। तटीय क्षेत्रों (मालपे समुद्र तट से सेंट मेरी द्वीप और कोडी कायक प्वाइंट-सलिग्राम मार्ग) में किए गए अलग परीक्षण में भी जियो 174.55 मेगाबिट प्रति सेकंड की डाउनलोड गति के साथ सबसे आगे रहा, जबकि एयरटेल की गति 89.41, वोडाफोन आइडिया की 9.68 व बीएसएनएल की 3.91 मेगाबिट प्रति सेकंड रही।
ट्राई ने उडुपी रेलवे स्टेशन, श्रीकृष्ण मंदिर, मणिपाल, मालपे समुद्र तट, कुंडापुरा, कार्कला, पदुबिद्री और बाइंदूर सहित कई प्रमुख स्थानों को इस जांच शामिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

