ट्राई ने तीन महीने में स्पैम के खिलाफ 1.24 लाख से अधिक दूरसंचार संसाधनों पर की कार्रवाई, 374 प्रेषक ब्लैकलिस्ट
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने जुलाई से सितंबर के दौरान अनचाहे व्यावसायिक कॉल और संदेशों (यूसीसी) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.24 लाख से अधिक दूरसंचार संसाधनों पर प्रतिबंध लगाया या उनका कनेक्शन काटा है। इस दौरान पहली बार नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,10,325 दूरसंचार संसाधनों को 15 दिन के लिए प्रतिबंधित किया गया, जबकि बार-बार उल्लंघन करने वाले 13,777 संसाधनों का एक साल के लिए कनेक्शन काट दिया गया। इसके अलावा 374 प्रेषकों को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया और 3,725 एसएमएस हेडर ब्लॉक किए गए।
ट्राई की शुक्रवार को जारी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही की रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में यूसीसी की 15.29 लाख शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7.23 लाख शिकायतों पर कार्रवाई की गई। इस तिमाही में देश के दूरसंचार नेटवर्क से 714.01 अरब कॉल किए गए और 702.28 अरब एसएमएस भेजे गए। कुल कॉल के मुकाबले यूसीसी की शिकायतों की संख्या प्रति दस लाख कॉल पर लगभग 2.14 रही। 30 सितंबर 2026 तक देश में दूरसंचार उपभोक्ताओं की कुल संख्या 134.9 करोड़ थी।
ट्राई के डीएनडी ऐप के माध्यम से जुलाई से सितंबर के दौरान यूसीसी की कुल 15.29 लाख शिकायतों में से 14.21 लाख शिकायतें मिलीं। यह कुल शिकायतों का 92.9 प्रतिशत है। 30 सितंबर तक ऐप को 42.36 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका था। इस अवधि में डीएनडी रजिस्ट्री में 22.449 करोड़ उपभोक्ताओं ने अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कराई थीं, जो कुल दूरसंचार उपभोक्ताओं का 16.64 प्रतिशत है। 112 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं ने अब तक अपनी प्राथमिकताएं दर्ज नहीं कराई हैं। उपभोक्ता डीएनडी ऐप, दूरसंचार सेवा प्रदाता की वेबसाइट या ऐप अथवा 1909 पर कॉल या एसएमएस करके अपनी प्राथमिकताएं दर्ज करा सकते हैं।
प्रचार संबंधी कॉल के लिए 140, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा और सरकारी नागरिक सेवाओं से जुड़ी कॉल के लिए 1600 तथा उपयोगिता, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी सेवाओं के लिए 1601 नंबर शृंखला निर्धारित की गई है। इस तिमाही में 140 शृंखला से 15.27 अरब प्रचार कॉल किए गए, जिनमें से 1.70 अरब रोक दिए गए। पंजीकृत प्रेषकों और टेलीमार्केटर्स ने 660.71 अरब व्यावसायिक एसएमएस भेजे, जिनमें से 11.09 अरब ब्लॉक किए गए। 1600 श्रृंखला से 1.27 अरब कॉल किए गए।
दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की एआई आधारित प्रणालियों ने इस दौरान 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब एसएमएस को संदिग्ध स्पैम के रूप में चिह्नित किया। संदिग्ध प्रेषकों को 45.9 लाख चेतावनी सूचनाएं भेजी गईं। इसके अलावा 34,025 प्रेषकों का ई-केवाईसी किया गया और सत्यापन में विफल रहने पर 9,977 कनेक्शन काटे गए।
ट्राई ने डीएनडी ऐप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 132 एफएम चैनलों, आकाशवाणी के 15 एफएम चैनलों, 23 निजी टीवी चैनलों, दूरदर्शन के दो चैनलों और 97 समाचार पत्रों के माध्यम से अभियान चलाए। मायगॉव पोर्टल पर डीएनडी रील चैलेंज आयोजित किया गया। देशभर में 322 जागरूकता कार्यक्रमों में करीब 31 हजार लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए तीन अरब से अधिक एसएमएस भेजे गए।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

