सैटेलाइट संचार को लेकर ट्राई के परामर्श पत्र पर टिप्पणियां दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ी
नई दिल्ली, 7 मई (हि.स.)। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सैटेलाइट संचार नेटवर्क प्राधिकरण और सैटेलाइट संचार नेटवर्क प्रदाताओं को स्पेक्ट्रम आवंटन पर जारी परामर्श पत्र पर टिप्पणियां और प्रत्युत्तर टिप्पणियां दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।
ट्राई ने 8 अप्रैल को यह परामर्श पत्र जारी किया था। पहले लिखित टिप्पणियां जमा करने की अंतिम तिथि 6 मई और प्रत्युत्तर टिप्पणियों की अंतिम तिथि 20 मई तय की गई थी। उद्योग संगठनों और हितधारकों के अनुरोध को देखते हुए अब इन तिथियों को बढ़ाकर क्रमशः 13 मई और 27 मई कर दिया गया है।
ट्राई ने बताया कि टिप्पणियां और प्रत्युत्तर टिप्पणियां सरकारी मेल पर भेजी जा सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

