राजस्थान में मुनाबाओ-तनोट राजमार्ग पर मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता जांच, जियो और एयरटेल बेहतर

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में मुनाबाओ-तनोट राजमार्ग पर मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता जांच, जियो और एयरटेल बेहतर


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की राजस्थान में मुनाबाओ (बाड़मेर) से तनोट (जैसलमेर) (एनएच-70) पर जून में किए मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता टेस्ट में जियो और एयरटेल ने डेटा स्पीड में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि बीएसएनएल और वीआईएल काफी पीछे रहे।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस जांच में कवरेज, कॉल ड्रॉप रेट, कॉल सेटअप सक्सेस रेट, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे प्रमुख गुणवत्ता मानकों को परखा गया। परीक्षण के दौरान सभी टेलीकॉम कंपनियों के सिम कार्ड का उपयोग कर 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर लाइव वॉयस और डेटा सेशन स्थापित किए गए।

रिपोर्ट के अनुसार, कवरेज गैप के मामले में एयरटेल के 14,130 सैंपल में से 5,728 में नेटवर्क नहीं मिला, जबकि बीएसएनएल के 10,174 में से 8,509, आरजिल के 14,701 में से 881 और वीआईएल के 11,286 में से 9,227 सैंपल में कवरेज नहीं था। कमजोर सिग्नल वाले सैंपल भी बड़ी संख्या में दर्ज किए गए।

कॉल ड्रॉप रेट में एयरटेल के 48 कॉल में से 10, बीएसएनएल के 6 में से 2, आरजिल के 76 में से 3 और वीआईएल के 8 में से 1 कॉल ड्रॉप हुई। कॉल साइलेंस इंस्टेंस में एयरटेल के 32 कॉल में से 4, बीएसएनएल के 7 में से 2 और आरजिल के 68 में से 8 कॉल में तीन सेकंड से अधिक का साइलेंस दर्ज हुआ। वीआईएल के लिए यह डेटा उपलब्ध नहीं हो सका।

डेटा सेवाओं में औसत डाउनलोड स्पीड एयरटेल के लिए 42.83 एमबीपीएस, बीएसएनएल के लिए 3.49 एमबीपीएस, आरजिल के लिए 55.05 एमबीपीएस और वीआईएल के लिए 0.35 एमबीपीएस रही। अपलोड स्पीड एयरटेल के लिए 14.03 एमबीपीएस, बीएसएनएल के लिए 2.80 एमबीपीएस, आरजिल के लिए 7.01 एमबीपीएस और वीआईएल के लिए 0.75 एमबीपीएस दर्ज की गई।

यह ड्राइव टेस्ट 3 जून को ट्राई के क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर ने 311.4 किलोमीटर लंबे मार्ग पर किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story