ट्राई ने पंजाब में जांचा मोबाइल नेटवर्क, जियो, एयरटेल रहे आगे

WhatsApp Channel Join Now
ट्राई ने पंजाब में जांचा मोबाइल नेटवर्क, जियो, एयरटेल रहे आगे


नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने पंजाब के बठिंडा, श्रीमुक्तसर साहिब शहर और अमृतसर से बठिंडा रेल मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता की जांच की। इसमें जियो और एयरटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां बठिंडा में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 198.27 एमबीपीएस और एयरटेल की 151.88 एमबीपीएस दर्ज की गई।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बताया कि इन परीक्षणों में कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप दर, कवरेज, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे प्रमुख मानकों को परखा गया। परीक्षण के दौरान सभी कंपनियों के सिम कार्ड से 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर कॉल और डेटा सेशन चलाए गए और उन्नत उपकरणों से उनकी निगरानी की गई।

बठिंडा शहर में एयरटेल और जियो का नेटवर्क सबसे बेहतर पाया गया, जहां कॉल ड्रॉप दर लगभग शून्य रही और डेटा डाउनलोड स्पीड क्रमशः 151.88 एमबीपीएस और 198.27 एमबीपीएस दर्ज की गई। वहीं बीएसएनएल का प्रदर्शन कमजोर रहा, जहां कवरेज गैप और कॉल ड्रॉप की समस्या अधिक दिखी। वोडाफोन आइडिया की औसत डाउनलोड स्पीड 34.07 एमबीपीएस रही।

श्रीमुक्तसर साहिब में भी जियो और एयरटेल की सेवाएं सबसे तेज रहीं। जियो ने औसतन 222.90 एमबीपीएस और एयरटेल ने 172.32 एमबीपीएस डाउनलोड स्पीड दर्ज की। बीएसएनएल की स्पीड 18.20 एमबीपीएस रही, जबकि वोडाफोन आइडिया 26.51 एमबीपीएस पर रहा।

अमृतसर से बठिंडा रेल मार्ग पर जियो और एयरटेल का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा। जियो ने औसतन 111.72 एमबीपीएस और एयरटेल ने 95.82 एमबीपीएस डाउनलोड स्पीड दर्ज की। बीएसएनएल और वोडाफोन आइडिया की स्पीड क्रमशः 18.36 एमबीपीएस और 11.11 एमबीपीएस रही।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story