असम में ट्राई ने की मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता जांच
नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मार्च में असम के लंका से नरैनपुर रेलवे ब्रिज तक एनएच‑27 और 627 मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की। इस जांच में कवरेज गैप, कॉल ड्रॉप, कॉल साइलेंस इंस्टेंस और डेटा स्पीड जैसे मानकों का आकलन किया गया। रिपोर्ट में सामने आया कि एयरटेल और जियो ने औसतन सबसे तेज डाउनलोड स्पीड दर्ज की, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन‑आइडिया में कवरेज गैप और कॉल ड्रॉप की समस्या अधिक रही।
ट्राई ने बताया कि जांच के दौरान एयरटेल के 23,981 सैंपल में से 4,820, बीएसएनएल के 7,964 सैंपल में से 6,410, जियो के 23,742 सैंपल में से 4,453 और वोडाफोन‑आइडिया के 17,252 सैंपल में से 10,218 में कमजोर सिग्नल दर्ज किया गया। कॉल ड्रॉप दर में एयरटेल के 126 सफल कॉल में से 9, बीएसएनएल के 37 कॉल में से 12, जियो के 128 कॉल में से 14 और वोडाफोन‑आइडिया के 95 कॉल में से 21 कॉल ड्रॉप दर्ज हुईं। कॉल साइलेंस इंस्टेंस में एयरटेल में 123 कॉल में से 8 बार, जियो में 97 कॉल में से 6 बार और वोडाफोन‑आइडिया में 89 कॉल में से 2 बार खामोशी दर्ज हुई, जबकि बीएसएनएल के आंकड़े उपलब्ध नहीं रहे।
डेटा स्पीड में एयरटेल ने औसतन 66.50 एमबीपीएस डाउनलोड और 13.63 एमबीपीएस अपलोड दर्ज किया। जियो ने 88.21 एमबीपीएस डाउनलोड और 6.61 एमबीपीएस अपलोड, वोडाफोन‑आइडिया ने 16.84 एमबीपीएस डाउनलोड और 3.99 एमबीपीएस अपलोड तथा बीएसएनएल ने मात्र 4.86 एमबीपीएस डाउनलोड और 3.10 एमबीपीएस अपलोड स्पीड दर्ज की।
ट्राई ने बताया कि यह परीक्षण 189.7 किलोमीटर हाईवे ड्राइव और 7 हॉटस्पॉट लोकेशनों पर किया गया। मार्ग में बामुन गांव, डिजाबोरा, मुपा, डिडाओडिप, रेटजोल और दमछरा जैसे स्थान शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

