नोएडा-गाजियाबाद में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 248.50 एमबीपीएस

WhatsApp Channel Join Now
नोएडा-गाजियाबाद में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 248.50 एमबीपीएस


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) की ओर से सितंबर 2026 में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में कराए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट में रिलायंस जियो की औसत डाउनलोड स्पीड सबसे अधिक 248.50 एमबीपीएस दर्ज की गई। वहीं, एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 114.38 एमबीपीएस और वोडाफोन आइडिया (वीआई) की 94.30 एमबीपीएस रही। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल)-महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) की 4जी सेवा की औसत डाउनलोड स्पीड 5.49 एमबीपीएस दर्ज की गई।

ट्राई ने बुधवार को एक रिपोर्ट में बताया कि ये परीक्षण दिल्ली लाइसेंस सेवा क्षेत्र (एलएसए) के अंतर्गत एक से पांच सितंबर 2026 के बीच किए गए। इनका उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की वास्तविक गुणवत्ता का आकलन करना था। परीक्षण में वॉयस और डेटा सेवाओं के साथ नेटवर्क कवरेज, कॉल ड्रॉप, कॉल स्थापित होने की दर, डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे मानकों की जांच की गई।

रिपोर्ट के अनुसार चारों दूरसंचार सेवा प्रदाताओं में एयरटेल की औसत अपलोड स्पीड 25.11 एमबीपीएस, बीएसएनएल-एमटीएनएल की 1.72 एमबीपीएस, जियो की 18.71 एमबीपीएस और वीआई की 18.92 एमबीपीएस रही। कॉल ड्रॉप के मामले में एयरटेल के 1,139 सफलतापूर्वक स्थापित कॉल में से नौ, बीएसएनएल-एमटीएनएल के 1,071 में से 173, जियो के 1,146 में से 14 और वीआई के 1,158 में से दो कॉल ड्रॉप हुए।

कवरेज गैप के मामले में एयरटेल के कुल 1,27,346 नमूनों में से 1,053, बीएसएनएल-एमटीएनएल के 1,21,733 में से 79,985, जियो के 1,27,212 में से 2,146 और वीआई के 1,32,094 नमूनों में से 1,246 में कमजोर सिग्नल दर्ज किया गया। कॉल के दौरान तीन सेकंड से अधिक समय तक आवाज बंद रहने की घटनाएं एयरटेल में आठ, बीएसएनएल-एमटीएनएल में 10, जियो में 54 और वीआई में चार दर्ज की गईं।

ट्राई ने नोएडा सेक्टर-121 से वर्ल्ड ट्रेड सेंटर तक के मार्ग के लिए भी अलग से आंकड़े जारी किए हैं। इस मार्ग पर जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 346.84 एमबीपीएस दर्ज की गई, जबकि एयरटेल की 175.41 एमबीपीएस, वीआई की 129.86 एमबीपीएस और बीएसएनएल-एमटीएनएल की 3.39 एमबीपीएस रही। इस मार्ग पर औसत अपलोड स्पीड एयरटेल की 19.29 एमबीपीएस, बीएसएनएल-एमटीएनएल की 1.02 एमबीपीएस, जियो की 27.94 एमबीपीएस और वीआई की 29.08 एमबीपीएस दर्ज की गई।

इस विशेष मार्ग पर कवरेज गैप के नमूने एयरटेल के 2,793 में से एक, बीएसएनएल-एमटीएनएल के 2,743 में से 1,646, जियो के 2,849 में से 12 और वीआई के 2,973 में से चार रहे। कॉल ड्रॉप एयरटेल और जियो में शून्य, बीएसएनएल-एमटीएनएल में 23 में से छह और वीआई में 24 में से शून्य दर्ज किए गए।

ट्राई की ओर से नियुक्त एजेंसी ने दिल्ली एलएसए में कुल 813.4 किलोमीटर का सिटी ड्राइव टेस्ट, आठ हॉटस्पॉट पर परीक्षण और 3.8 किलोमीटर का वॉक टेस्ट किया। इसके अलावा एक स्थान पर इंटर-ऑपरेटर कॉलिंग का परीक्षण भी किया गया। जांच में गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों, बाजारों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मेट्रो स्टेशनों को शामिल किया गया।

हॉटस्पॉट परीक्षण के लिए नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल, गाजियाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन, एमएमजी जिला अस्पताल, नोएडा सिटी सेंटर बस स्टैंड, नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन, परी चौक स्टेशन, अल्फा-1 मार्केट और ग्रैंड वेनिस मॉल को चुना गया था। ट्राई ने बताया कि रिपोर्ट के निष्कर्ष संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ साझा कर दिए गए हैं, ताकि वे नेटवर्क सेवाओं में आवश्यक सुधार कर सकें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782905 Articles

Share this story