असम के सोनितपुर में ट्राई का नेटवर्क परीक्षण, डाउनलोड स्पीड में जियो और अपलोड स्पीड में एयरटेल आगे
नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के असम के सोनितपुर जिले में किए गए स्वतंत्र नेटवर्क परीक्षण में रिलायंस जियो की सेवाएं डाउनलोड स्पीड के मामले में सबसे आगे रहीं। वहीं, बीएसएनएल की औसत डाउनलोड स्पीड सबसे कम दर्ज की गई। परीक्षण में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 221.18 एमबीपीएस रही, जबकि एयरटेल की 116.11 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 20.04 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 11.72 एमबीपीएस दर्ज की गई।
केंद्रीय संचार मंत्रालय की ओर से बुधवार को बताया गया कि ट्राई ने अगस्त में असम एलएसए के तहत सोनितपुर जिले में एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया की मोबाइल नेटवर्क सेवाओं का स्वतंत्र परीक्षण किया। इसमें कॉल ड्रॉप, नेटवर्क कवरेज, कॉल गुणवत्ता तथा इंटरनेट की डाउनलोड और अपलोड गति समेत विभिन्न मानकों का आकलन किया गया।
ट्राई ने 10 से 13 अगस्त के बीच सोनितपुर जिले में स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट किया। इस दौरान करीब 308 किलोमीटर क्षेत्र में ड्राइव टेस्ट, 10 हॉटस्पॉट स्थानों पर परीक्षण और 1.6 किलोमीटर का वॉक टेस्ट किया गया। परीक्षण की निगरानी ट्राई के क्षेत्रीय कार्यालय, कोलकाता ने की।
अपलोड स्पीड में एयरटेल आगे
अपलोड गति के मामले में एयरटेल ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। उसकी औसत अपलोड स्पीड 21.09 एमबीपीएस दर्ज हुई। जियो की औसत अपलोड स्पीड 15.98 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 6.69 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 4.32 एमबीपीएस रही।
कॉल ड्रॉप में जियो और एयरटेल का प्रदर्शन
कॉल ड्रॉप के मामले में परीक्षण के दौरान एयरटेल और जियो नेटवर्क पर एक भी कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुआ। एयरटेल में 311 कॉल में शून्य और जियो में 316 कॉल में शून्य ड्रॉप दर्ज किए गए। वहीं, वोडाफोन आइडिया में 312 में से आठ और बीएसएनएल में 476 में से 301 कॉल ड्रॉप दर्ज हुए।
नेटवर्क कवरेज के आकलन में खराब सिग्नल वाले नमूनों की संख्या एयरटेल के लिए 1,766, जियो के लिए 1,494, वोडाफोन आइडिया के लिए 6,682 और बीएसएनएल के लिए 18,494 रही।
परीक्षण के दौरान तेजपुर, ढेकियाजुली, तेजपुर विश्वविद्यालय, तेजपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, तेजपुर हेड पोस्ट ऑफिस, एएसटीसी बस स्टैंड समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर भी मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन किया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

