ट्राई ने 1601 सीरीज से सेवा संबंधी फोन कॉल की सुविधा का दायरा बढ़ाया, कई नए क्षेत्र शामिल

WhatsApp Channel Join Now
ट्राई ने 1601 सीरीज से सेवा संबंधी फोन कॉल की सुविधा का दायरा बढ़ाया, कई नए क्षेत्र शामिल


नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दूरसंचार क्षेत्र के नियामक भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने 1601 नंबर सीरीज से ग्राहकों को सेवा और लेनदेन संबंधी फोन कॉल करने की सुविधा का विस्तार किया है। इसके दूसरे चरण में खुदरा कारोबार, ई-कॉमर्स, अस्पताल, जांच प्रयोगशालाएं, दूरसंचार सेवा प्रदाता, इंटरनेट सेवा प्रदाता, विमानन, यात्रा एजेंसियां और कैब सेवा सहित कई क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्राहकों को वास्तविक कंपनियों की ओर से किए जाने वाले कॉल की पहचान करने में मदद करना और फर्जी कॉल के जरिए होने वाली धोखाधड़ी पर रोक लगाना है।

संचार मंत्रालय के अनुसार, ट्राई ने 27 नवंबर को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। इसके तहत भारतीय दूरसंचार विभाग (डीओटी) की ओर से आवंटित 1601 नंबर सीरीज का इस्तेमाल बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र तथा सरकारी संस्थाओं से अलग अन्य पात्र क्षेत्रों के लिए सेवा और लेनदेन संबंधी वॉयस कॉल करने में किया जा सकेगा।

दूसरे चरण में खुदरा श्रृंखलाओं, ई-कॉमर्स कंपनियों, अस्पतालों, जांच प्रयोगशालाओं, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, वाहन बिक्री, वाहन मरम्मत एवं सर्विसिंग, यात्रा एजेंसियों, वाणिज्यिक विमानन कंपनियों, खाद्य एग्रीगेटर्स, कैब सेवा एग्रीगेटर्स और ऋण सेवा प्रदाताओं को इस सीरीज के नंबर आवंटित किए जा सकेंगे। इसके लिए संबंधित संस्थाओं का पिछले तीन वित्त वर्षों में से कम-से-कम एक वर्ष में 500 करोड़ रुपये या उससे अधिक का वार्षिक कारोबार होना जरूरी है।

इसके अलावा डायरेक्ट-टू-होम (डीटीएच), हेडएंड-इन-द-स्काई (एचआईटीएस), इंटरनेट प्रोटोकॉल टेलीविजन (आईपीटीवी) सेवा प्रदाताओं और मल्टी-सिस्टम ऑपरेटरों (एमएसओ) को भी इस सुविधा के लिए पात्र बनाया गया है। इन संस्थाओं के पास पिछले 12 महीनों के दौरान किसी एक महीने में कम-से -कम 10 लाख ग्राहक होने चाहिए। 1601 सीरीज के नंबर केवल भारतीय कानूनों के तहत पंजीकृत कंपनियों को ही आवंटित किए जाएंगे।

ट्राई ने स्पष्ट किया है कि 1601 सीरीज का इस्तेमाल केवल सेवा और लेनदेन संबंधी कॉल के लिए किया जा सकेगा। इसका उपयोग प्रचार संबंधी वॉयस कॉल के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस सीरीज के नंबर केवल सत्यापित संस्थाओं को आवंटित किए जाएंगे, जिससे ग्राहक वास्तविक कंपनियों के कॉल की पहचान कर सकेंगे। सामान्य 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों से कंपनियों का प्रतिनिधि बनकर धोखाधड़ी करने वाले लोगों की पहचान में भी इससे मदद मिलेगी।

इससे पहले 10 अगस्त 2026 को जारी निर्देश के तहत पहले चरण में उपयोगिता सेवाओं और लॉजिस्टिक्स एवं कूरियर सेवा क्षेत्रों को 1601 सीरीज के नंबर आवंटित करने की अनुमति दी गई थी।

ट्राई ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को निर्देश दिया है कि वे पात्र संस्थाओं को इस सीरीज से जोड़ने और उनके मौजूदा नंबरों को इस व्यवस्था में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया निर्देश जारी होने के 180 दिनों के भीतर पूरी करें। उन्हें पात्र संस्थाओं के बीच इस सुविधा का प्रचार भी करना होगा और हर 15 दिन में ट्राई को प्रगति रिपोर्ट देनी होगी। 180 दिनों की अवधि पूरी होने के 15 दिनों के भीतर अंतिम अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story