मप्र के मुरैना में श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, 3 की मौत
भोपाल/मुरैना, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक पत्थर लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला और ऑटो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो साल की मासूम सहित पांच लोग घायल हो गए हैं। इनमें से तीन की
हालत गंभीर बनी हुई है।
मुरैना के माता बसैया थाना इलाके में सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे बानमौर विजय पुरा से कुछ श्रद्धालु ऑटो रिक्शा में सवार होकर माता बसैया के पास स्थित भूमिया बाबा मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। जैसे ही ऑटो पारासर की तेवरिया के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक पत्थर लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। इस दौरान ऑटो में सवार कई यात्री ट्रैक्टर से गिरे पत्थरों के ढेर के नीचे बुरी तरह दब गए, जिससे चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में 50 वर्षीय महेंद्र पुत्र बाबू लाल राठौर, 45 वर्षीय मनोरमा पत्नी राजेंद्र राठौर और ऑटो रिक्शा के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पत्थरों के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
माता बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से ड्राइवर को छोड़कर बाकी सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें 24 वर्षीय सूरज पुत्र महेंद्र राठौर, 2 वर्षीय मासूम बच्ची वंशिका पुत्री राहुल, 11 वर्षीय गुंजन पुत्री भूरा राठौर, 21 वर्षीय अंजलि पत्नी सूरज राठौर और 45 वर्षीय मीना पत्नी रामकरण राठौर शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों में से तीन की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

