राजनाथ सिंह बुधवार को कोलकाता में, मुख्यमंत्री के भी कई कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
राजनाथ सिंह बुधवार को कोलकाता में, मुख्यमंत्री के भी कई कार्यक्रम


कोलकाता, 15 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे के साथ राज्य सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। राजनाथ सिंह बुधवार शाम कोलकाता पहुंचेंगे और साल्ट लेक स्थित अल्टेयर बुटीक होटल में शाम 4 बजे भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित विशेष पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले राज्य में प्रशासनिक और सरकारी स्तर पर कई अहम गतिविधियां होंगी। मुख्यमंत्री की ओर से नेपाल में आई बाढ़ में लापता लोगों के परिजनों के साथ बैठक और उसके बाद मीडिया को जानकारी दिए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह बैठक बुधवार सुबह 11 बजे नबान्न सभागार में होगी। इसके बाद नबान्न के प्रेस कॉर्नर स्थित कमरा संख्या 104 में मीडिया ब्रीफिंग की जाएगी।

बुधवार सुबह 10.30 बजे न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में 33वीं पश्चिम बंगाल राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कांग्रेस का उद्घाटन होगा। विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय कार्यक्रम 16 और 17 सितंबर को होगा। इसमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ और शोधकर्ता हिस्सा लेंगे।

इसके अलावा सुबह 11.30 बजे साल्ट लेक के सेक्टर-2 स्थित उदयचल टूरिज्म प्रॉपर्टी के बैंक्वेट हॉल में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर होंगे। समझौते का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विकास और सतत विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story