तमिलनाडु विधानसभा उपचुनाव : सुबह 11 बजे तक मदुरांतकम में 35.55 और धारापुरम में 37.28 प्रतिशत मतदान
चेन्नई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। दोनों क्षेत्रों में सुबह से ही मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। चुनाव मैदान में तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके), अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक), नाम तमिझर कच्ची और कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
सुबह 11 बजे तक मदुरांतकम में 35.55 प्रतिशत और धारापुरम में 37.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। धारापुरम सीट पर अन्नाद्रमुक की भानुमति, टीवीके की सत्यबामा, द्रमुक की सुगन्या, नाम तमिझर कच्ची की कार्तिका और कम्युनिस्ट पार्टी के लक्ष्मणन चुनाव मैदान में हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 22 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
अन्नाद्रमुक उम्मीदवार भानुमति ने मतदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मतदान शुरू होने के बाद से ही मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां बेहतर तरीके से पूरी की हैं।
भानुमति ने कहा कि धारापुरम विधानसभा सीट अन्नाद्रमुक के खाते में रही है और यह क्षेत्र पार्टी का गढ़ माना जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपचुनाव में भी जनता का समर्थन अन्नाद्रमुक को मिलेगा और पार्टी जीत हासिल करेगी।
मदुरांतकम आरक्षित विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। इस दौरान चेंगलपट्टू जिला कलेक्टर वीरप्पन ने संवेदनशील मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित मेलावलमपेट्टई मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया और मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में कलेक्टर ने कहा कि मदुरांतकम विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और अब तक शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वेब स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है। मदुरांतकम विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। इनमें संवेदनशील के रूप में चिन्हित 58 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान भी तैनात हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

