तमिलनाडु: टीवीके विधायक दल के नेता चुने गए विजय, सरकार गठन की कवायद तेज
चेन्नई, 05 मई (हि.स.)। चेन्नई के पनैयूर स्थित टीवीके मुख्यालय में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक जारी है। इस बैठक में सरकार गठन को लेकर मंथन किया जा रहा है। बैठक के दौरान सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से विजय को तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) के विधानसभा दल का नेता चुन लिया है।
विधानसभा चुनाव में 108 सीटों पर जीत हासिल करने के बाद टीवीके सरकार बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही यह लगभग तय माना जा रहा है कि विजय ही मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
तमिलनाडु में 23 तारीख को एक ही चरण में मतदान हुआ था और मतगणना के बाद जैसे-जैसे नतीजे सामने आए, टीवीके लगातार बढ़त बनाती रही। अंततः पार्टी 108 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।
राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है, जबकि टीवीके फिलहाल इस आंकड़े से पीछे है। इसके बावजूद विजय जल्द ही राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।
सरकार गठन के बाद विजय को निर्धारित समय सीमा के भीतर विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। इसके लिए टीवीके को अभी कम से कम 10 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम गठबंधन के कुछ दलों, जैसे कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों के साथ ही अखिल भारतीय द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) गठबंधन में शामिल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) जैसे दलों का समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है, तो विजय के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार का गठन जल्द संभव हो सकता है।------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

