उदयनिधि स्टालिन की चुनावी जीत के खिलाफ दायर याचिका पर जारी रहेगी सुनवाई : हाईकोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उदयनिधि स्टालिन की चुनावी जीत के खिलाफ दायर याचिका पर जारी रहेगी सुनवाई : हाईकोर्ट


चेन्नई, 13 नवंबर (हि.स.)। मद्रास उच्च न्यायालय ने विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ दायर चुनाव याचिका को निरस्त करने की मांग की थी। न्यायाधीश ने उदयनिधि स्टालिन को चुनाव याचिका पर जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी।

पिछले विधानसभा चुनाव में चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी विधानसभा क्षेत्र से डीएमके की ओर से चुनाव लड़ने वाले उदयनिधि स्टालिन को विजयी घोषित किया गया था। उनकी चुनावी जीत को चुनौती देते हुए इसी क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले मिलानी नामक व्यक्ति ने मद्रास उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका दायर की थी।

इस चुनाव याचिका को खारिज करने की मांग करते हुए उदयनिधि स्टालिन की ओर से उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की गई थी। इस मामले की सुनवाई के दौरान उदयनिधि की ओर से दलील दी गई कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के अनुसार निर्धारित 45 दिनों की समयसीमा के भीतर चुनाव याचिका दाखिल नहीं की गई है। इसलिए इसे खारिज किया जाना चाहिए।

वहीं, चुनाव याचिका दाखिल करने वाले मिलानी की ओर से दलील दी गई कि चुनाव याचिका निर्धारित समयसीमा के भीतर ही दाखिल की गई है। उच्च न्यायालय के रजिस्ट्री विभाग ने इसे स्वीकार कर क्रमांक भी आवंटित कर दिया है। इसलिए इस मामले में पूरी सुनवाई की जानी चाहिए।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने उदयनिधि स्टालिन की ओर से दायर याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

इस बीच, आज न्यायाधीश जी. अरुलमुरुगन ने उदयनिधि स्टालिन की ओर से चुनाव याचिका को खारिज करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया। साथ ही मुख्य चुनाव याचिका पर सुनवाई 11 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776257 Articles

Share this story