उदयनिधि स्टालिन के जन्मदिन का बैनर लगाते समय करंट से दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
उदयनिधि स्टालिन के जन्मदिन का बैनर लगाते समय करंट से दो युवकों की मौत


उदयनिधि स्टालिन के जन्मदिन का बैनर लगाते समय करंट से दो युवकों की मौत


-तिरुवल्लूर में हुए हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल-लोहे का पाइप बिजली की तार के संपर्क में आने से हुआ हादसा

चेन्नई, 27 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) युवा शाखा के सचिव और चेपॉक विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदयनिधि स्टालिन के जन्मदिन का बैनर लगाते समय बिजली का करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से इलाके में शोक और सदमे का माहौल है। घायल युवक का अस्पताल में गहन उपचार किया जा रहा है।

दरअसल, आज उदयनिधि स्टालिन का जन्मदिन मनाया जा रहा है। इसी के मद्देनजर तिरुवल्लूर जिले के वाणी सत्रम इलाके में डीएमके पदाधिकारियों की ओर से जन्मदिन की बधाई वाला बैनर लगाया जा रहा था। इस काम में अन्ना नगर निवासी वीरवेंदर (22), कारणी गांव निवासी वेलन (30) और वाणी सत्रम निवासी अल्बर्ट (22) शामिल थे।

बताया गया है कि बैनर लगाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही बिजली की तार के संपर्क में आ गया। इससे पाइप में करंट प्रवाहित हो गया और तीनों युवक बिजली का झटका लगने से उछलकर दूर जा गिरे।

हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को स्थानीय लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। हालांकि, उपचार के दौरान वीरवेंदर और वेलन की मौत हो गई। अल्बर्ट का अस्पताल में गहन उपचार जारी है। बताया गया है कि मृतक दोनों युवक इलाके के डीएमके ब्लॉक सचिव थंगम मुरली के रिश्तेदार थे।

घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैनर लगाने के दौरान लोहे का पाइप बिजली की तार के संपर्क में कैसे आया और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783935 Articles

Share this story